हादसा: प्लांट के मिक्सर में गिरने से 16 वर्षीय बाल मजदूर की दर्दनाक मौत, पांच घंटे तक फंसा रहा शव

प्लांट के मिक्सर में गिरने से 16 वर्षीय बाल मजदूर की दर्दनाक मौत, पांच घंटे तक फंसा रहा शव
  • वडवणी तहसील के रुई पिंपला में सड़क निर्माण के दौरान हादसा
  • बालराजे कंस्ट्रक्शन के प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
  • परिजनों के थाने नहीं पहुंचने से अब तक मामला दर्ज नहीं

डिजिटल डेस्क, बीड। जिले की वडवणी तहसील के रुई पिंपला में सड़क निर्माण कार्य के लिए लगाए गए आर.एम.सी. (रेडी मिक्स कंक्रीट) प्लांट के मिक्सर में गिरने से 16 वर्षीय बाल मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक का शव करीब पांच घंटे तक मिक्सर में फंसा रहा। समय पर शव नहीं निकाले जाने को लेकर संबंधित व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। 9 अक्टूबर की सुबह शव का सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। दोपहर में परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुई पिंपला में बालराजे कंस्ट्रक्शन की ओर से सोन्नाखोट्टा से देवळा सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के लिए निर्माण सामग्री तैयार करने के उद्देश्य से आर.एम.सी. प्लांट स्थापित किया गया है। इसी प्लांट पर खंडोबाचीवाडी, खडकी (तहसील वडवणी) निवासी अमोल जावळे बाल मजदूर के रूप में काम कर रहा था।

गुरुवार दोपहर अचानक अमोल मिक्सर में गिर गया और उसमें फंसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय प्लांट का ऑपरेटर मौके पर मौजूद नहीं था। इसके चलते शव को मिक्सर से बाहर निकालने में काफी समय लग गया। करीब पांच घंटे तक शव मिक्सर में फंसे रहने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वडवणी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

अब तक मामला दर्ज नहीं

वडवणी पुलिस थाना पुलिस निरीक्षक वर्षा व्हगाडे के मुताबिक आर.एम.सी. प्लांट के मिक्सर में गिरने से 16 वर्षीय बाल मजदूर की मौत के मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। वडवणी पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजन अभी तक शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने नहीं पहुंचे हैं।


Created On :   9 Oct 2026 6:49 PM IST

Tags

Next Story