Beed News: सूखे की स्थिति का जायजा लेने केंद्र की टीम बीड पहुंची

  • गेवराई के जातेगांव फाटा क्षेत्र में फसल का किया निरीक्षण
  • किसानों से किया संवाद

Beed News बीड जिले में सूखे की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्र की टीम जिले में पहुंची है। टीम ने शुक्रवार को दोपहर में गेवराई शहर के पास जातेगांव फाटा क्षेत्र में कपास की फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने किसानों से बातचीत कर फसल की स्थिति और क्षेत्र में पानी की उपलब्धता की जानकारी ली।

टीम ने किसानों से पूछा कि पिछले वर्ष उन्होंने कौन-सी फसल उगाई थी, उससे कितनी उपज और आमदनी हुई थी तथा इस वर्ष फसलों की स्थिति कैसी है। इसके अलावा, गांव के आसपास स्थित कुओं में पानी उपलब्ध है या नहीं, इसकी जानकारी भी किसानों से प्राप्त की गई। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याओं और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी देते हुए टीम के सामने सूखे की गंभीर स्थिति रखी।

केंद्र की इस टीम में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुक्तानंद अग्रवाल, महालनोबिस राष्ट्रीय फसल पूर्वानुमान केंद्र के उपनिदेशक सुनील कुमार दुबे, नीति आयोग के सलाहकार डॉ. जसपाल सिंह तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग की पशुधन अधिकारी डॉ. साक्षी भदौरिया शामिल हैं। इस अवसर पर बीड के जिलाधिकारी विवेक जॉन्सन भी टीम के साथ उपस्थित थे।


Created On :   9 Oct 2026 3:53 PM IST

Tags

Next Story