Bhandara News: अल्पवर्षा के कारण धीमी पड़ी धान रोपाई की गति ,भंडारा जिले में अब तक मात्र 15 प्रतिशत ही रोपाई

अल्पवर्षा के कारण धीमी पड़ी धान रोपाई की गति ,भंडारा जिले में अब तक मात्र 15 प्रतिशत ही रोपाई
इस माह 15 दिन में केवल 19% ही हो सकी खरीफ फसलों की बुआई

Bhandara News जिले में कम बारिश का असर कृषि कार्यों पर बुरी तरह पड़ा है। इस वर्ष जिले की सातों तहसीलों में अनुमानित 1 लाख 74 हजार 985 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की रोपाई होनी थी, लेकिन 15 जुलाई तक केवल 15 हजार 782 हेक्टेयर क्षेत्र में ही रोपाई हो सकी। यानी धान रोपाई का मात्र 15 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। इसी अवधि में पिछले वर्ष 20 प्रतिशत रोपाई हुई थी।

कपास, सोयाबीन, तुअर, सब्जी समेत अन्य फसलों की कुल 19 प्रतिशत बुअाई हो सकी है। हालांकि शुक्रवार से जिले में बारिश ने रफ्तार पकड़ी है, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। कृषि विभाग ने इस वर्ष खरीफ सीजन में जिले में 1 लाख 87 हजार 379 हेक्टेयर में बुअाई का लक्ष्य निर्धारित किया है। लेकिन जून माह और जुलाई के आधे महीने तक पर्याप्त बारिश नहीं होने से अधिकांश किसान खेती का काम पूरा नहीं कर सके। जिन किसानों के पास सिंचाई की व्यवस्था है, वे ही बुअाई कर पाए हैं। 15 जुलाई तक जिले में 17 हजार 187 हेक्टेयर में धान की नर्सरी तैयार की गई है। आवत्या पद्धति से 9 हजार 971 हेक्टेयर में धान लगाया गया है। मक्का 12 हेक्टेयर, तुअर 7 हजार 352 हेक्टेयर तथा बैंगन, टमाटर, भिंडी, चौलाई और फल्ली जैसी सब्जियों की 354 हेक्टेयर में बुवाई हुई है। गन्ने की फसल 12 हेक्टेयर में लगाई गई है। इस प्रकार जिले में कुल 35 हजार 97 हेक्टेयर क्षेत्र में बुअाई का कार्य पूरा हुआ है, जो कुल लक्ष्य का 19 प्रतिशत है।

पवनी तहसील में सर्वाधिक 32% रोपाई : जिले में पवनी और लाखांदुर तहसीलों में सर्वाधिक रोपाई हुई है। पवनी तहसील में 32 प्रतिशत तथा लाखांदुर में 26 प्रतिशत रोपाई पूरी हो चुकी है। वहीं भंडारा तहसील में सबसे कम 9 प्रतिशत रोपाई हुई है। इसके अलावा मोहाड़ी में 19 प्रतिशत, तुमसर में 13 प्रतिशत, साकोली में 11 प्रतिशत और लाखनी में 18 प्रतिशत रोपाई पूरी हुई है।

पिछले वर्ष 16 जुलाई तक 24% बुआई निपट चुकी थी : पिछले वर्ष 16 जुलाई तक जिले में कुल 24 प्रतिशत बुअाई पूरी हो चुकी थी। इसमें धान की रोपाई 20 प्रतिशत तक हो गई थी। वर्ष 2025 में खरीफ का लक्ष्य 1 लाख 87 हजार 379 हेक्टेयर था, जिसमें से 16 जुलाई तक 45 हजार 293 हेक्टेयर क्षेत्र में बुअाई पूरी हो चुकी थी।


Created On :   18 July 2026 4:03 PM IST

Tags

Next Story