Bhandara News: जंगल के रास्ते नागपुर की ओर रातभर दौड़ रहे रेत से लदे टिप्पर

जंगल के रास्ते नागपुर की ओर रातभर दौड़ रहे रेत से लदे टिप्पर
राजस्व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल

Bhandara News तुमसर तहसील के अंतिम छोर पर स्थित चांदमारा और देवनारा क्षेत्र में बावनथड़ी नदी के तट से बारिश के मौसम में भी अवैध रेत खनन जारी है। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर नदी से चोरी की रेत टिप्परों में भरकर लेंडेझरी के जंगल मार्ग से नागपुर जिले की ओर पहुंचाई जा रही है। इस पूरे मामले ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग द्वारा नियमों के तहत स्टॉक में बची रेत के परिवहन की अनुमति दी गई है, लेकिन कुछ रेत तस्कर इसका दुरुपयोग करते हुए रात के समय सीधे नदीपात्र से अवैध उत्खनन व रेत चोरी कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बारिश के मौसम में भी नदी का तट सूखा होने का फायदा उठाकर अवैध उत्खनन धड़ल्ले से चल रहा है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, लेंडेझरी के जंगल मार्ग से हर रात 6 से 10 टिप्पर रेत लेकर नागपुर की ओर निकलते हैं। इतनी बड़ी संख्या में हो रही आवाजाही के बावजूद संबंधित विभागों को इसकी भनक तक नहीं लगना कई सवाल खड़े करता है। नागरिकों का कहना है कि नई नियमावली के तहत रेत परिवहन पर कार्रवाई की जिम्मेदारी मुख्य रूप से राजस्व विभाग को दिए जाने के बाद पुलिस की भूमिका सीमित हो गई है। ऐसे में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से रेत तस्करों के हौसले बुलंद हैं। अवैध रेत खनन से सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है, वहीं पर्यावरण संतुलन भी प्रभावित हो रहा है। नागरिकों ने जिलाधिकारी, उपविभागीय अधिकारी तथा वरिष्ठ राजस्व अधिकारियों से मामले की उच्च स्तरीय जांच कर तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की है।

अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर पकड़ाया : वरठी पुलिस ने खमाटा परिसर में अवैध रेत परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। यह कार्रवाई 13 जुलाई को की गई। पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान गोपनीय सूचना मिली कि ग्राम खमाटा में ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बिना नंबर के ट्रैक्टर से जुड़ी नीले रंग की ट्रॉली में रेत भरी मिली। पुलिस ने चालक अमित गजानन बागड़े (30) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच पुलिस हवलदार बुरडे कर रहे हैं।


-

Created On :   15 July 2026 11:41 AM IST

Tags

Next Story