- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- भंडारा में 10 हजार रुपए की रिश्वत...
Bhandara News: भंडारा में 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पुलिस हवलदार गिरफ्तार

Bhandara News करडी पुलिस थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले की जांच की धीमि गति करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और 10 हजार रुपये लेने पर सहमत होने वाले पुलिस हवालदार प्रफुल्ल चोखोबा वालदे के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई की है।
बुधवार, 8 जुलाई को ट्रैप की कार्रवाई के दौरान आरोपी को भनक लगने से उसने रकम स्वीकार नहीं की, लेकिन रिश्वत मांगने के साक्ष्य मिलने पर उसके खिलाफ 9 जुलाई को करडी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
शिकायतकर्ता और उसके भाई के खिलाफ करडी पुलिस थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसकी जांच हवालदार प्रफुल्ल वालदे कर रहे थे। आरोप है कि मामले की गंभीरता कम करने और प्रकरण को साधारण बनाने के लिए उन्होंने 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए भंडारा एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी टीम ने 29 जून 2026 को शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान आरोपी 15 हजार रुपये के बजाय 10 हजार रुपये में काम करने को तैयार हो गया। इसके बाद 8 जुलाई को एसीबी ने जाल बिछाया, लेकिन कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार नहीं की। इसके बावजूद रिश्वत मांगने के आरोप में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। यह कार्रवाई रिश्वत प्रतिबंधक विभाग नागपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. दिगंबर प्रधान, अपर पुलिस अधीक्षक माधुरी बाविस्कर एवं विजय माहुलकर तथा भंडारा के उप पुलिस अधीक्षक प्रवीणकुमार पाटील के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक नितेश देशमुख और उनकी टीम ने अंजाम दी।
Created On :   10 July 2026 12:29 PM IST















