- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- ग्रापं कार्यालय के प्रवेश द्वार पर...
Bhandara News: ग्रापं कार्यालय के प्रवेश द्वार पर काेई डाल गया हल्दी-कुमकुम, नींबू-मिर्च

Bhandara News साकोली तहसील के झाड़गांव ग्राम पंचायत कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर सोमवार, 13 जुलाई की सुबह मेंं कथित तंत्र-मंत्र की सामग्री की तरह कटे हुए नींबू-मिर्च, हल्दी-कुमकुम, गुलाल और जलती हुई अगरबत्तियां मिलने से परिसर में हड़कंप मचा है। घटना की खबर फैलते ही ग्राम पंचायत परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। यह कृत्य किसी ने अंधविश्वास, शरारत या किसी साजिश के तहत किया है, इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं है।
घटना से संतप्त गांववासियों ने प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की तुरंत जांच पड़ताल कर संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। झाड़गांव साकोली तहसील का एक छोटा गांव है। रोजाना की तरह सोमवार की सुबह करीब 8.30 बजे ग्रापं कर्मचारी संजय लांजेवार कार्यालय खोलने के लिए पहुंचे, तब उन्हें कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के भीतर गोलाकार आकृति, षट्कोणीय चिन्ह, कटे हुए नींबू, मिर्च, हल्दी-कुमकुम, गुलाल तथा जलती हुई अगरबत्तियां मिलीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल सरपंच, ग्राम पंचायत अधिकारियों तथा गांव के प्रमुख नागरिकों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। यह कृत्य किसने और किस उद्देश्य से किया, इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
चूंकि ग्राम पंचायत का मुख्य द्वार बंद था, इसलिए प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि संबंधित व्यक्ति गेट फांदकर परिसर में दाखिल हुआ और इस घटना को अंजाम दिया। ग्राम पंचायत प्रशासन ने मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थम नहीं रही घटनाओं की शृंखला ग्राम पंचायत परिसर में पहले भी कई बार अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। पौधों को उखाड़ना, पाइप-लाइन तोड़ना, वॉशबेसिन और शौचालयों के नलों को नुकसान पहुंचाना, कूड़ेदान जंगल में फेंकना तथा झाड़गांव टोली और पापड़ा खुर्द क्षेत्र से बिजली उपकरण चोरी जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे गांव के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें : "ग्राम पंचायत परिसर में इस तरह का कथित तंत्र-मंत्र या अंधविश्वास फैलाने वाला कृत्य बेहद गंभीर है। इससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का वातावरण बना है। हम पुलिस में शिकायत दर्ज कर दोषी की पहचान और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।' - भास्कर खंडाईत, सरपंच, झाडगांव
इसी दिन था स्वास्थ्य शिविर :गौरतलब है कि, इसी दिन ग्राम पंचायत परिसर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनदा माताओं के लिए टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया था। ऐसे में मुख्य प्रवेश द्वार पर संदिग्ध पूजा सामग्री मिलने की घटना ने ग्रामीणों में आक्रोश है।
Created On :   15 July 2026 11:23 AM IST















