Bhandara News: भंडारा में कुएं में गिरे तेंदुए के शावकों को मां से मिलवाया

भंडारा में कुएं में गिरे तेंदुए के शावकों को मां से मिलवाया
  • वन विभाग के प्रयासों को मिली सफलता
  • वन्यप्रेमियों ने जताई खुशी

Bhandara News दो दिन पहले खेत में स्थित कुएं में गिरे तेंदुए के शावकों को रेस्क्यू कर उनके मां तक पहंुचाने में वन विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। यह भावुक पल वन विभाग की टीम के लिए यादगार बन गया। शावकों को मां से मिलाने का बड़ा काम परिश्रम से आसान हो गया।

मंगलवार रात 9 बजे के आसपास मादा तेंदुआ अपने शावकों को लेकर जंगल चली गई। इस उपलब्धि के लिए वन्यजीव प्रेमियों ने खुशी व्यक्त की है। रविवार 5 जुलाई को तहसील के येरली ग्राम के कुएं में तेंदुए के छह माह के शावक गिर गए थे। शावकों को सुरक्षित कुएं से बाहर निकालने की चुनौती वन विभाग के सामने थी। वन विभाग ने शावकों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हे मां से मिलाने का अभियान चलाया। मादा तेंदुए की हलचल पर नजर रखी जाने लगी। सीसीटीवी कैमेरे लगाए गए। लेकिन मादा तेंदुआ का पता नहीं चल रहा था।

तब वन विभाग ने शावकों को सुरक्षित रखा। इसी बीच सौदेपुर हेटी परिसर में गोबरवाही के चरवाहे की बाघ के हमले में मृत्यु हुई। इससे नागरिकों में वन विभाग के प्रति रोष बढ़ गया। लेकिन वन विभाग की टीम ने दबाव में नहीं आकर शावकों को मां से मिलाने का अभियान जारी रखा। जहां पर शावक मिले वहीं उन्हंे पिंजरे में रखकर मादा तेंदुए के आने का इंतजार किया जाने लगा। लंबी प्रतीक्षा के पश्चात मंगलवार रात लगभग 9 बजे मादा तेंदुआ जंगल में पहंुची। तेंदुए को देख वन कर्मचारी ने शावकों का पिंजरा खोल दिया। मां को देख शावक दौड़कर उसके पास चले गए। बेजुबानों ने अपनी ही भाषा में एक दूसरे को प्रतिसाद दिया। वन विभाग के कर्मचारियों के सामने दोनों शावक मां से मिले।

कर्मचारियों के लिए यह उपलब्धि समाधान देने वाली थी। दो बेजुबान जीव मां से मिले और जंगल की ओर आगे बढ़े। यह कार्रवाई उपवनसंरक्षक योगेंद्र सिंग के मार्गदर्शन में तुमसर के वनपरिक्षेत्र अधिकारी सी. जी. रहांगडाले, क्षेत्र सहायक आर. डी. पालेवार, मोहगांव खदान के बीटरक्षक आर. ए. वाघाडे, आरआरटी की टीम ने की। जीव वैज्ञानिक शुभम मोदनकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

Created On :   9 July 2026 2:35 PM IST

Tags

Next Story