Bhandara News: कम्प्यूटर कक्ष पर जड़ा ताला, ग्रामपंचायत का कामकाज ठप

कम्प्यूटर कक्ष पर जड़ा ताला, ग्रामपंचायत का कामकाज ठप
  • सरपंचों पर कंप्यूटर ऑपरेटर से अन्याय का आरोप, संगठन ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
  • काम बंद होने से नागरिक, किसान और विद्यार्थी परेशान; ऑनलाइन सेवाओं पर पड़ा असर
  • कार्रवाई नहीं होने पर पंचायत समिति कार्यालय के सामने ठिय्या आंदोलन की चेतावनी

Bhandara News तहसील के महालगांव और मोरगांव ग्रामपंचायत में सरपंच द्वारा कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ अन्याय किए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामपंचायत कम्प्यूटर ऑपरेटर संगठन ने मंगलवार, 16 सितंबर को मोहाडी के गटविकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने संबंधित सरपंचों के खिलाफ तत्काल कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है।

संगठन के अनुसार, महालगांव और मोरगांव ग्रामपंचायत के सरपंचों ने विभिन्न आरोपों के आधार पर ग्रामपंचायत के कंप्यूटर कक्ष में कथित रूप से अवैध तरीके से ताला लगा दिया। इससे ग्रामपंचायत का कम्प्यूटर संबंधी कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कामकाज बंद होने से नागरिकों, किसानों और विद्यार्थियों को शासकीय दाखिले, प्रमाणपत्र तथा विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। संगठन का आरोप है कि बिना किसी कानूनी पूर्व सूचना या नोटिस के शासकीय संपत्ति पर ताला लगाना और कंप्यूटर ऑपरेटर को काम करने से रोकना शासकीय कामकाज में बाधा डालने के समान है।

संगठन ने महाराष्ट्र ग्रामपंचायत अधिनियम, 1959 की धारा 39(1) के तहत संबंधित सरपंचों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि ग्रामसेवक ने अपने बचाव के लिए 16 सितंबर की दोपहर प्रभावित कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसे संगठन ने जिम्मेदारी से बचने का प्रयास बताया है। ज्ञापन सौंपते समय संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरपंचों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और कंप्यूटर कक्ष का ताला खोलकर कामकाज सुचारु नहीं किया गया, तो मोहाडी पंचायत समिति कार्यालय के सामने तीव्र ठिय्या आंदोलन किया जाएगा। अब गटविकास अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं, इस पर सभी की नजर है।


Created On :   17 Sept 2026 1:05 PM IST

Tags

Next Story