Bhandara News: प्रकल्पग्रस्त ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया

प्रकल्पग्रस्त ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया
  • जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक के दौरान मचा हंगामा, घटना से कुछ देर के लिए तनाव
  • गोसीखुर्द प्रकल्पग्रस्तों की लंबित मांगों को लेकर एक साल से आंदोलन जारी
  • मांगों का समाधान नहीं होने से नाराज पदाधिकारी ने उठाया आत्मदाह का कदम

Bhandara News गोसीखुर्द प्रकल्पग्रस्तों की लंबित मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब गोसीखुर्द प्रकल्पग्रस्त आंदोलन समिति के पदाधिकारी एजाज अली ने अचानक आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें रोक लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया।

गोसीखुर्द प्रकल्पग्रस्तों की वर्षों से लंबित मांगों के समाधान के लिए जिलाधिकारी सावंत कुमार के चैंबर में विशेष बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में गोसीखुर्द प्रकल्प समिति के संयोजक भाऊ कातोरे सहित अन्य पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। लंबित मांगों पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान शाम करीब पौने सात बजे एजाज अली ने अचानक आत्मदाह का प्रयास किया।

घटना के बाद बैठक स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एजाज अली को तुरंत काबू में लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के चलते कुछ समय के लिए जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल रहा।

बताया जा रहा है कि प्रकल्पग्रस्तों की मांगों को लेकर पिछले एक वर्ष से आंदोलन और प्रशासनिक अधिकारियों व मंत्रियों के साथ बैठकों का दौर चल रहा है। इसके बावजूद समाधान नहीं निकलने से आंदोलनकारियों में नाराजगी है। इसी नाराजगी के चलते एजाज अली ने आत्मदाह का प्रयास किया। इससे पहले भी वे विभिन्न माध्यमों से प्रशासन का ध्यान लंबित मांगों की ओर आकर्षित कर चुके हैं।


Created On :   17 Sept 2026 1:12 PM IST

Tags

Next Story