समीक्षा: बड़ी पंचायतों के लिए बनेगी कार्य योजना, पंचायतों को मजबूत बनाना जरुरी, 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में वृंदावन ग्राम का चयन

बड़ी पंचायतों के लिए बनेगी कार्य योजना, पंचायतों को मजबूत बनाना जरुरी, 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में वृंदावन ग्राम का चयन
मप्र की बड़ी ग्राम पंचायतों के विकास के लिए कार्य योजनाएं बनाई जाएगी। ग्रामीण विकास के लिए पंचायतों को सशक्त बनाया जाना आवश्यक है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र की बड़ी ग्राम पंचायतों के विकास के लिए कार्य योजनाएं बनाई जाएगी। ग्रामीण विकास के लिए पंचायतों को सशक्त बनाया जाना आवश्यक है। बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की वृन्दावन ग्राम योजना, ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, वीबी जी राम जी योजना, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजनाओं समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अिधकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण विकास और जनकल्याण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए पंचायतों को सशक्त बनाना आवश्यक है। शहरी एवं बड़ी ग्राम पंचायतों के विकास के लिए कार्य योजना बनाई जाए। शहरों पास की पंचायतों के प्रबंधन को प्रभावी बनाएं ताकि आसपास के क्षेत्र में सड़कें व अन्य अधोसंरचना अच्छे से विकसित हो सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अगले साल जल गंगा संवर्धन अभियान और अधिक व्यापक होगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाया जाए ताकि किसानों की आय बढ़ें। मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के तहत गौपालन और गो-समितियों को प्रोत्साहित करें। ग्रामीण सड़क विकास के अंतर्गत गुणवत्ता नियंत्रण, संधारण में प्रदेश ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अधिकतम लंबाई की पूर्णता के लिए भी मप्र, देश में प्रथम रहा। प्रदेश में ड्रोन तकनीक के माध्यम से ग्रामीण सड़कों की संधारण स्थिति के आंकलन का नवाचार जारी है। 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में वृंदावन ग्राम का चयन किया गया है। तैंतीस जिलों के 135 गांवों की पंचवर्षीय कार्य योजनाएं तैयार की गई हैं। ग्रामीणों को 10 हजार 554 ग्राम पंचायत भवनों में ऑनलाईन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिससे 53 हजार 813 भवन अनुज्ञा जारी की गई और टैक्स व फीस के रूप में 3 करोड़ 81 लाख रूपए का भुगतान ऑनलाईन मिला। सोलर विलेज के पॉयलट प्रोजेक्ट के रूप में जनपद पंचायत उज्जैन की सभी 76 ग्राम पंचायतों में गतिविधियां जारी हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत दिसम्बर 2023 से वर्तमान तक प्रदेश में 19 हजार 440 करोड़ रूपए लागत के 16 लाख 20 हजार से अधिक आवास स्वीकृत हुए, जिनमें से 8 लाख 19 हजार आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। इसी प्रकार पीएम जनमन आवास योजना में दिसम्बर 2023 से स्वीकृत 1.89 लाख आवासों में से एक लाख 48 हजार आवास पूर्ण कर लिए गए हैं।

Created On :   6 Aug 2026 1:29 AM IST

Tags

Next Story