- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- सिटी बसों को छोड़कर अन्य यात्री...
Bhopal News: सिटी बसों को छोड़कर अन्य यात्री बसों का किराया बढ़ाया, अब 2 रुपए प्रति यात्री से से हर किमी ज्यादा वसूला जाएगा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र शासन ने बुधवार को तीन अधिसूचनायें जारी कर यात्री बसों का किराया बढ़ा दिया। हालांकि इसमें सिटी बसों को छूट दी गई है। अन्य यात्री बसों के किराये में 2 रुपए प्रति यात्री प्रति किमी की बढ़ोतरी की है। जबलपुर शहर के मार्गों से सटे क्षेत्रों में यात्री वाहनों के 18 नये मार्ग अधिसूचित कर दिये हैं। इसी प्रकार, परिवहन विभाग के उप सचिव अरुण कुमार सिंह को राज्य परिवहन प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया है।
यह भी पढ़े -हाईकोर्ट में 3 महीने से अधिक ज्यादा लंबित याचिकाओं में समय-सीमा के भीतर जवाब देने के निर्देश
किराया वृध्दि
सामान्य यात्री बस का किराया अब 2 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर या उसके भाग के लिये न्यूनतम किराया 10 रुपये रहेगा। रात्रि बस सेवा का किराया सामान्य यात्री बस के मुकाबले 10 प्रतिशत अधिक होगा जबकि डीलक्स नान एसी बस का किराया सामान्य यात्री बस के किराये से 25 प्रतिशत अधिक होगा। इसी प्रकार, स्लीपर बस का किराया सामान्य यात्री बस के किराये से 40 प्रतिशत अधिक, डीलक्स एसी बस का किराया 50 प्रतिशत अधिक तथा सुपर लग्जरी एसी कोच का किराया 75 प्रतिशत अधिक होगा। अतिरक्त रात्रि प्रभार डीलक्स नान एसी, स्लीपर, डीलक्स एसी बस एवं सुपर लग्जरी कोच के किरायों पर प्रभार्य नहीं होगा जबकि एक्सप्रेस बस सेवाओं के लिये कोई अतिरिक्त प्रभार नहीं लिया जा सकेगा। परिवहन आयुक्त इन बसों का वर्गीकरण करेंगे।
जबलपुर में सिटी बस के 18 नये मार्ग
राज्य सरकार ने यात्री वाहनों यथा यात्री बसें, किराये वाली टैक्सियां, मोटर कैब, मैक्सी कैब एवं आटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा हेतु जबलपुर शहर के मार्गों से लगे हुये क्षेत्रों के 18 नये मार्गों का निर्धारण किया है। इनमें शामिल हैं : 18 किमी लम्बा पिपरिया से भेड़ाघाट धुआंधार मार्ग, 26 किमी लम्बा पाटन बायपास चौराहा से भेड़ाघाट धुआंधार मार्ग, 23 किमी का रेल्वे स्टेशन से देवरी-पनागर मार्ग, 28 किमी का तिलवारा घाट से देवरी-पनागर मार्ग, 39 किमी का देवरी-पनागर से भेड़ाघाट धुआंधार मार्ग, 23 किमी का आईएसबीटी से बरेला मार्ग, 44 किमी का आईएसबीटी से मनेरी मार्ग, 47 किमी का रेल्वे स्टेशन से बरगी डैम मार्ग, 43 किमी का आईएसबीटी से बरगी नगर मार्ग, 48 किमी का आईएसबीटी से चरगवां मार्ग, 36 किमी का रेल्वे स्टेशन से शाहपुरा मार्ग, 35 किमी का रेल्वे स्टेशन से पाटन मार्ग, 40 किमी का रेल्वे स्टेशन से कटंगी बस स्टैंड मार्ग, 44 किमी का रेल्वे स्टेशन से दमोह नाका होते हुये मझौली मार्ग, 48 किमी का रेल्वे स्टेशन से करौंदा बायापास होते हुये मझौली मार्ग, 46 किमी का रेल्वे स्टेशन से सिहोरा मार्ग, 53 किमी का आईएसबीटी से कुंडम मार्ग तथा 38 किमी का रांझी से डोंगरिया इण्डस्ट्रियल एरिया मार्ग। इन नये सभी मार्गों से सिटी बसें शहर के अंदर के विभिन्न गंतव्यों से ही गुजरेंगी।
Created On :   6 Aug 2026 1:56 AM IST














