Bhopal News: केंद्रीय कृषि मंत्री के गृह क्षेत्र से कांग्रेस का ऐलान, 7 मई को महाराष्ट्र से राजस्थान बॉर्डर तक होगा चक्का जाम

केंद्रीय कृषि मंत्री के गृह क्षेत्र से कांग्रेस का ऐलान, 7 मई को महाराष्ट्र से राजस्थान बॉर्डर तक होगा चक्का जाम

डिजिटल डेस्क, भोपाल। किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने चक्का जाम करने जा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र बुधनी में आयोजित किसान आक्रोश सत्याग्रह में ऐलान किया है कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार पर किसानों के साथ अन्याय के विरोध में चक्का जाम करेंगे। 7 मई को महाराष्ट्र बॉर्डर से राजस्थान बॉर्डर तक आगरा-बॉम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर महाचक्का जाम करेगी।

यह आंदोलन सेंधवा, बड़वानी, खरगोन, धार, देवास, शाजापुर, गुना, राजगढ़, शिवपुरी, मुरैना और ग्वालियर सहित पूरे मार्ग पर किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के खून-पसीने की कमाई पर डाका डाला जा रहा। कृषि मंत्री मप्र से आते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि सबसे ज्यादा अत्याचार और अन्याय प्रदेश के किसानों पर ही हो रहा। किसानों को खाद की किल्लत, समर्थन मूल्य पर खरीदी में अव्यवस्था, बारदाने की कमी, स्लॉट बुकिंग में गड़बड़ी और जमीनों पर भूमाफियाओं के कब्जे जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा। किसान कर्ज में डूबा हुआ है और अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है।

पटवारी ने कहा कि मोहन यादव सरकार ने गेहूं पर 2700 रुपये एमएसपी देने का वादा किया था, लेकिन किसानों से 1800 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही। शिवराज सिंह चौहान किसानों की आय 8 गुना करने का दावा करते हैं, लेकिन उनके ही गृह क्षेत्र बुधनी में किसानों की बदहाली ने इन दावों की पोल खोल दी है।

Created On :   30 April 2026 1:02 AM IST

Tags

Next Story