MP News: विधानसभा में जबलपुर 17 करोड़ रुपये की आश्रय निधि के उपयोग के लिए पंचायतों से मांगे प्रस्ताव

विधानसभा में जबलपुर 17 करोड़ रुपये की आश्रय निधि के उपयोग के लिए पंचायतों से मांगे प्रस्ताव

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र विधानसभा में सोमवार को विधायक सुशील कुमार तिवारी के सवाल के जवाब में पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि जिला पंचायत जबलपुर में आश्रय निधि की राशि 17 करोड़ 47 लाख 69 हजार 560 रुपये जमा है तथा इस राशि के उपयोग हेतु जिले की ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव मांगे गये हैं। मंत्री ने इस सवाल पर कि ग्राम पंचायतवार प्राप्त प्रस्तावों की जानकारी दी जाये, कहा कि इस संबंध में प्रश्न उपस्थित नहीं होता है।

113 शमशान घाटों तक पहुंचने पक्की सड़क नहीं है

विधायक नीरज सिंह ठाकुर के प्रश्न के उत्तर में पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि जबलपुर जिले की बरगी विधानसभा क्षेत्र में कुल 249 शमशन घाट हैं जिनमें जबलपुर जनपद पंचायत में 90 एवं शहपुरा जनपद में 159 हैं। 113 शमशान घाटों पर पहुंचने के लिये पक्की सड़क उपलब्ध नहीं है जिसमें जबलपुर जनपद के 51 तथा शहपुरा जनपद के 62 शमशान घाट शामिल हैं। इन्हें पक्की सड़क से जोड़ने का कार्य बजट की उपलब्धता अनुसार किया जायेगा। मंत्री ने यह भी बताया कि जबलपुर जनपद में सभी 47 ग्राम पंचायतों के अपने भवन हैं जबकि शहपुरा जनपद में 3 ग्राम पंचायतों के स्वयं के भवन नहीं हैं।

फर्जी ऋण वितरण

विधायक सुशील कुमार तिवारी के सवाल के जवाब में सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि जबलपुर जिले की प्राथमिक सेवा सहकारी समिति निरंदपुर द्वारा वर्ष 2015 में एक ही परिवार के आठ सदस्यों को 18 लाख रुपये का केसीसी ऋण वितरण किया गया तथा इन आठ सदस्यों में से 7 सदस्य कृषिधारक किसान नहीं थे।

इस मामले की जांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जबलपुर की शाखा कटंगी द्वारा कर 14 फरवरी 2023 को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जांच प्रतिवेदन अस्पष्ट एवं अपूर्ण होने से पुन: जांच दल गठित कर जांच कराई गई एवं जांच कार्य पूर्ण हो गया है तथा जांच प्रतिवेदन जिला बैंक स्तर पर परीक्षणाधीन है, परीक्षण उपरान्त गुणदोष के आधार पर कार्यवाही की जायेगी।

जबलपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण प्रस्तावित

विधायक अभिलाष पाण्डेय के प्रश्न के उत्तर में खेल मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा शक्ति योजानान्तर्गत प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण किया जाना प्रस्तावित है तथा योजना के अनुमोदन की कार्यवाही प्रचलन में है। जबलपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में भी स्टेडियम निर्माण, योजना के अनुमोदन के बाद होगा।

Created On :   21 July 2026 2:52 AM IST

Tags

Next Story