- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- केन बेतवा में आंदोलनकारियों के साथ...
MP News: केन बेतवा में आंदोलनकारियों के साथ बातचीत की जगह दमन का रास्ता अपना रही सरकार- उमंग सिंघार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने रविवार को केन-बेतवा परियोजना में आंदोलनकारियों को जबरन हटाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा अनशन तुड़वाने के लिए तानाशाही तरीका अपनाया गया। सरकार ने संवाद की जगह दमन का रास्ता चुना है। भाजपा को समझना होगा कि लोकतंत्र लाठी और गिरफ्तारी से नहीं संवाद और संविधान से चलता है।
देश को तानाशाही और डर के माहौल में धकेला जा रहा। कल जंतर-मंतर से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे सोनम वांगचुक और उनके साथियों को जबरन हटाया गया था। अब केन-बेतवा लिंक परियोजना में भ्रष्टाचार, कानून के उल्लंघन और आदिवासी अधिकारों के मुद्दे पर आंदोलन कर रहे अमित भटनागर सहित सभी आंदोलनकारियों को पुलिस बल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार ने असहमति की हर आवाज़ को कुचलना अपना शासन मॉडल बना लिया है। सरकार उन प्रदर्शनकारियों से डरती है जो सरकार से नहीं डरते।
सिंघार ने कहा मैं 14 जुलाई को स्वयं आंदोलन स्थल पर पहुंचा था। वहां आंदोलनकारियों की पीड़ा सुनी थी और उनकी लोकतांत्रिक लड़ाई के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया था। लेकिन सरकार ने संवाद का रास्ता चुनने के बजाय दमन का रास्ता चुना।
उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या अब इस देश में भ्रष्टाचार पर सवाल उठाना भी जुर्म हो गया है। क्या आदिवासियों, किसानों और प्रभावित परिवारों की आवाज का जवाब पुलिस की गिरफ्तारी होगी। मैं अमित भटनागर सहित सभी गिरफ्तार आंदोलनकारियों की तत्काल रिहाई की मांग करता हूं। सरकार से आग्रह करता हूं कि दमन छोड़कर प्रभावित लोगों की बात सुने। केन-बेतवा परियोजना से जुड़े सभी आरोपों और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराए।
Created On :   21 July 2026 1:01 AM IST












