- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- 6 जिलों में अब तक नहीं हुआ...
MP News: 6 जिलों में अब तक नहीं हुआ ट्रांसजेंडर बोर्ड का गठन, सामाजिक न्याय आयुक्त ने दिए निर्देश

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के छह जिलों यथा मऊगंज, मैहर, सीधी, सिंगरौली, पाण्ढुर्ना एवं भिण्ड में अब तक जिला स्तरीय ट्रांसजेंडर बोर्ड का गठन नहीं हुआ है। राज्य के सामाजिक न्याय आयुक्त कृष्णगोपाल तिवारी ने इन जिलों को निर्देश दिये हैं कि तत्काल बोर्ड का गठन कर बैठक आयोजित करते हुये इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाये। प्रदेश में अब तक 55 में से 49 जिलों में ही जिला स्तरीय ट्रांसजेंडर बोर्ड का गठन हुआ है।
उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय ट्रांसजेंडर बोर्ड, ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को समाज की मुख्य धारा में लाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने के लिए काम करता है। यह जिला स्तर पर उनकी सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं तक पहुंच पक्की करता है। मप्र में ट्रांसजेंडरों (किन्नरों) 35 हजार के आसपास है। हालांकि निर्वाचन आयोग के रिकॉर्ड में प्रदेश में 1,432 थर्ड जेंडर मतदाता दर्ज हैं।
राज्य सरकार ने ट्रांसजेंडरों को सरकारी नौकरियों और शिक्षा में ओबीसी (पिछड़ा वर्ग) का दर्जा दिया हुआ है तथा प्रदेश के मुख्य शहरों जैसे भोपाल, इंदौर और उज्जैन में ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों की अच्छी-खासी आबादी है। वर्तमान में चल रहे दतिया विधानसभा उपचुनाव में भी एक ट्रांसजेंडर संजना सिंह किन्नर भारतीय गण वार्ता पार्टी से उम्मीदवार है।
Created On :   21 July 2026 12:53 AM IST












