MP News: भोपाल में मजिस्ट्रियल चेकिंग के दौरान छिंदवाड़ा महापौर आहके के वाहन पर 3 हजार का चालान

भोपाल में मजिस्ट्रियल चेकिंग के दौरान छिंदवाड़ा महापौर आहके के वाहन पर 3 हजार का चालान
भोपाल के डीबी मॉल के पास चेकिंग अभियान के दौरान चालानी कार्रवाई की गई। चालानी कार्रवाई के दौरान वाहन मालिकों को उसके पद या प्रभाव के आधार पर छोड़ा नहीं गया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल में मंगलवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आग्नीध्र कुमार द्विवेदी भोपाल के आदेश पर विशेष मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में तीन अन्य मजिस्ट्रेट और भोपाल के 4 थानों की पुलिस और यातायात पुलिस की टीम ने वाहनों की सघन चेकिंग की।

भोपाल के डीबी मॉल के पास अभियान के दौरान चालानी कार्रवाई की गई। चालानी कार्रवाई के दौरान वाहन मालिकों को उसके पद या प्रभाव के आधार पर छोड़ा नहीं गया। चेकिंग के दौरान छिंदवाड़ा महापौर विक्रम आहके की गाड़ी का भी चालान बनाया गया। अहाके के वाहन में हूटर लगा हुआ था। साथ ही महापौर की नेम प्लेट और लाइट भी लगी थी। आहके के वाहन नंबर एमपी 28 जेडसी 8808 से हूटर और महापौर छिंदवाड़ा लिखी हुई नेम प्लेट भी उतरवा कर 3 हजार का चालान बनाया। यह चालान वाहन चालक धीरज राय आत्मज विजय राय के नाम से मौके पर 3 हजार अर्थदंड के साथ पंचनामा बनाया गया। छिंदवाड़ा महापौर विक्रम आहके का कहना है कि हम लोगों को पात्रता हैं। हम राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त है, लेकिन मेरे वाहन से हुटर, वाहन के ऊपर लगी लाइट और गाड़ी के सामने लगी महापौर की नेम प्लेट भी निकाल दी। 3 हजार रुपए का चालान बना दिया।

137 वाहनों पर हुई कार्रवाई

यातायात डीसीपी, भोपाल बसंत कौल ने बताया कि कुल 137 वाहनों पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा यह विशेष अभियान न्यायालय के निर्देश पर चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालो पर यह कार्रवाई की गई है। सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई हुई है। अभियान के दौरान वाहनों की ब्लैक फिल्म मौके पर ही हटवाई गई। हेलमेट नहीं पहनने वालों पर चालानी कार्रवाई हुई। नियम विरुद्ध हूटर और नं7बर प्लेट हटाई गई। बिना नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सायरन और लाल-नीली बत्ती का उपयोग करने वाले वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई हुई।

Created On :   16 July 2026 1:08 AM IST

Tags

Next Story