- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- अनुशासनहीनता पर कांग्रेस ने राकेश...
MP News: अनुशासनहीनता पर कांग्रेस ने राकेश यादव को पार्टी से बाहर का दिखाया रास्ता

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र कांग्रेस पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप के चलते कांग्रेस नेता राकेश यादव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। निष्कासन आदेश में कहा गया है कि कई बार समझाइश और चेतावनी दिए जाने के बावजूद राकेश यादव के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ । जिसके चलते गतिविधियों से संगठन की छवि लगातार प्रभावित हो रही थी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही महासचिव डॉ संजय कामले ने महामंत्री निधि चतुर्वेदी और महिला उत्पीड़न प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष प्रियंका किरार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस में कहा गया है कि प्रियंका किरार के विरुद्ध शिकायत प्राप्त हुई है कि उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट की है।
यह कार्य पार्टी की नीतियों के विपरीत और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उनसे सात दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह निधि चतुर्वेदी को भी नोटिस जारी करते हुए लिखा है कि चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के संबंध में ऐसी पोस्ट की है, जो पार्टी की रीति-नीतियों और नियमों के विरुद्ध है।
इसे भी अनुशासनहीनता माना गया है। उनसे सात दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने प्रवक्ताओं के तीन दिन के लिए डिबेट में जाने से मना किया गया था लेकिन वो डिबेट में पहुंच गए। जिसके बाद कांग्रेस ने उन्हें नोटिस दिया था।
आंतरिक कलह फिर दिखी
मप्र कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह एक बार फिर देखने को मिली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश सिंह यादव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और संगठन प्रभारी हरीश चौधरी पर आरोप लगाए । यादव ने मीडिया से बात करते हुए जीतू पटवारी को पद के योग्य नहीं बताया। पटवारी को संगठन को कमजोर करने, मनमाने फैसले लेने और असहमति की आवाज दबाने के आरोप लगाए। यादव ने ये भी कहा हरीश चौधरी ने पंजाब में टिकट बेचे और पटवारी ने उन्हें डिफेंडर दी। यादव ने कहा कि वे कई नेताओं के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। वीर भूमि न्यास को लेकर लगाए गए आरोपों के संबंध में पार्टी नेतृत्व से सबूत मांगने पर उन्हें नोटिस दे दिया गया।
Created On :   5 July 2026 1:23 AM IST












