- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- 14 दिनों से आंदोलन कर रहे पेसा...
Bhopal News: 14 दिनों से आंदोलन कर रहे पेसा मोबिलाइजर्स को कांग्रेस का समर्थन, सिंघार ने कहा उठाएंगे हर स्तर पर आवाज

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोमवार को भोपाल के अंबेडकर पार्क पहुंचकर पेसा मोबिलाइजरों से मुलाकात की। सभी पेसा मोबिलाइजर बीते 14 दिन से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे। सिंघार ने आंदोलनकारियों को समर्थन दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय और उनका हक दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएंगे। सिंघार ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के करीब 5200 पेसा मोबिलाइजर्स को एक झटके में बेरोजगार कर दिया।
यह सिर्फ 5 हजार युवाओं का रोजगार छीनने का मामला नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों की रोजी-रोटी, भविष्य और सम्मान पर चोट है। हैरानी की बात है कि 14 दिनों से पेसा मोबिलाइजर्स भोपाल में धरने पर बैठे हैं, लेकिन आदिवासियों और उनके अधिकारों की बात करने वाली सरकार के पास उनकी बात सुनने तक का समय नहीं है। इससे सरकार के आदिवासी हितैषी होने के दावों की वास्तविकता सामने आती है।
पेसा मोबिलाइजर्स सरकार और आदिवासी ग्राम सभाओं के बीच महत्वपूर्ण जमीनी कड़ी के रूप में काम करते रहे हैं। गांव-गांव जाकर उन्होंने ग्राम सभाओं को सक्रिय करने, पेसा कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भूमिका निभाई है। पेसा केवल भाषणों और पोस्टरों से जमीन पर लागू नहीं होता। इसके लिए गांवों में लगातार काम करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं की जरूरत है। पेसा मोबिलाइजर्स ने वर्षों तक बेहद कम मानदेय पर गांव-गांव जाकर अपनी सेवाएं दीं।
आज सरकार उनके अनुभव, मेहनत और सेवा को नजरअंदाज कर उन्हें घर बैठने के लिए मजबूर कर रही। उन्होंने कहा कि रोजगार छीना ही नहीं गया, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका और सम्मान पर चोट की गई है।
Created On :   9 Sept 2026 2:22 AM IST












