- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- कांग्रेस के हनुमान ने कहा चंदा चोरी...
Theft of donations at the Ram Mandir: कांग्रेस के हनुमान ने कहा चंदा चोरी और भ्रष्टाचार की जांच सेना से करवाई जाए, भंग की जाए समिति

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राम मंदिर में चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस हमलावर है। मप्र कांग्रेस ने मांग की है कि इसकी जांच मिलिट्री-सेना से करवाई जाना चाहिए। बुधवार को पू्र्व मंत्री पीसी शर्मा और रामायण में हनुमान की भूमिका निभाने वाले विक्रम मस्ताल ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की। विक्रम मस्ताल ने निशाना साधा कि प्रभु श्रीराम के नाम पर चंदा चोरी करने वाले बेनकाब हो गए हैं।
जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे कहने वाले महाघोटाले पर मौन हैं। सनातन के विशेषज्ञों की समिति बनाने वालों के संरक्षण में आरएसएस के लोग पैसे को लूट ले गए। मस्ताल ने मांग की है कि राम मंदिर न्यास की वर्तमान समिति भंग की जाए। आज केवल हमारी फौज पर ही जनता का अटूट विश्वास शेष है। जिस प्रकार नीट जैसे बड़े घोटालों में फौज की व्यवस्था और सुरक्षा का सहारा लिया गया, उसी प्रकार इस चंदा चोरी महाघोटाले की जांच भी फौज को दी जाए। जांच एजेंसियां केवल छोटे कर्मचारियों और काउंटिंग करने वाले गुर्गों को पकड़ रहीं।
उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या महज पैसे गिनने वाले लोग इतना बड़ा घोटाला कर सकते हैं। चंपत राय जैसे बड़े ओहदेदारों पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। साल 2019 से लेकर 2025 के बीच अयोध्या और उसके आसपास खरीदी गई जमीनों की जांच हो।
छद्म सनातनियों ने 70 बार लूटा
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने ने कहा कि श्रद्धा से समर्पित किया गया पैसा और पवित्र ईंटें तक गायब कर दी गई हैं। इस सुनियोजित चोरी को अंजाम देने के लिए मंदिर परिसर में लगे कैमरों को साजिश के तहत हटा दिया गया था। सोमनाथ मंदिर को विदेशी आक्रांताओं ने 17 बार लूटा था, लेकिन इन छद्म सनातनियों ने प्रभु राम के मंदिर को 70 बार लूटा है। कांग्रेस मांग करती है कि पूरे क्षेत्र में मार्शल लॉ लगाकर राम मंदिर घोटाले की जांच मिलिट्री के सुपुर्द की जाए। सेना ही पूरी निष्पक्षता से जांच करके इन बड़े दोषियों को बेनकाब कर उन्हें जेल और फांसी के फंदे तक पहुंचा सकती है।
Created On :   2 July 2026 12:31 AM IST








