Bhopal News: रोजगार-स्वरोजगार, कौशल, उद्यमिता, नवाचार और नई टेक्नोलॉजी रहेगी केंद्र में

रोजगार-स्वरोजगार, कौशल, उद्यमिता, नवाचार और नई टेक्नोलॉजी रहेगी केंद्र में

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र के युवाओं से संवाद के लिए 6 अक्टूबर को भोपाल में सीएम यूथ कॉन्क्लेव होगा। इसमें 20 हजार युवाओं के शामिल होने की संभावना है। इन युवाओं से मुख्यमंत्री डॉ माेहन यादव रोजगार-स्वरोजगार, कौशल, उद्यमिता, नवाचार और नई टेक्नोलॉजी पर बातचीत करेंगे। कॉन्क्लेव का मकसद प्रदेश की युवा शक्ति की प्रतिभा, आकांक्षा और नवाचार की संभावनाओं पर चर्चा करना है, ताकि युवाओं को इनसे जोड़ा जा सके। मप्र उच्च शिक्षा विभाग कॉन्क्लेव का आयोजन कर रहा है।

कॉन्क्लेव को लेकर रविवार को उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी कक्षों सहित प्रोग्राम से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और तैयारियों की जानकारी ली। कॉन्क्लेव में रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार, अनुसंधान तथा उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष फोकस रहेगा। विशेषज्ञों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों और नवोदित उद्यमों की सहभागिता से युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार की बदलती आवश्यकताओं और उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी मिलेगी।

कॉन्क्लेव में 17 विभागों और विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। उच्च शिक्षा, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, तकनीकी शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, आयुष तथा पुलिस एवं साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न विभाग अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित योजनाओं और गतिविधियों से युवाओं को परिचित कराएंगे। मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर एवं सेडमैप द्वारा स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और नवाचार से संबंधित गतिविधियां प्रस्तुत की जाएंगी।

एआई टेक्नोलॉजी जोर

मप्र स्टार्टअप सेंटर के माध्यम से विभिन्न नवोदित उद्यम अपने उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। युवा इन नवाचारों के माध्यम से नए विचारों को उत्पाद एवं उद्यम में बदलने की प्रक्रिया को समझ सकेंगे। इससे उन्हें स्वयं का उद्यम स्थापित करने और नए विचारों पर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रोबोटिक्स, ड्रोन प्रौद्योगिकी, अर्धचालक प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत वाहन (ईवी) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियां कॉन्क्लेव के प्रमुख विषयों में शामिल होंगी। इन क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोजगार की संभावनाओं से युवाओं को परिचित कराया जाएगा।

Created On :   6 Oct 2026 12:55 AM IST

Tags

Next Story