- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- पचमढ़ी पहुंचने के लिए मटकुली तक...
MP News: पचमढ़ी पहुंचने के लिए मटकुली तक चलेगा हेलीकॉप्टर, हेलीपैड के लिए जमीन चिन्हित

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। नर्मदापुरम जिले के प्राकृति सौन्दर्य वाले पचमढ़ी हिल स्टेशन तक पहुंचने के लिये अब पर्यटकों को समीपस्थ 28 किलोमीटर दूर मटकुली में निजी हेलीकाप्टर यात्री सेवा उपलब्ध होगी। इसके लिये राज्य सरकार ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं तथा मटकुली में हेलीपैड निर्माण हेतु राजस्व भूमि चिन्हित कर ली गई है और वहां हेलीपैड निर्माण कार्य कराये जाने की कार्यवाही जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है, हेलीपैड निर्माण उपरान्त शीघ्र ही हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य के पर्यटन विभाग द्वारा मंत्रिपरिषद के अनुमोदन उपरांत दिनांक 24 सितम्बर 2025 को प्रदेश में सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत निजी ऑपरेटर के सहयोग से राज्य के भीतर हेलीकॉप्टर सेवा संचालन की स्वीकृति आदेश जारी किया गया था तथा इसके तहत एमपी टूरिज्म बोर्ड भोपाल एवं मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्रालि के मध्य अनुबंध किया गया था। प्रारंभिक तौर पर भोपाल, पचमढ़ी एवं मढ़ई शहरों में हेलीकॉप्टर संचालन दिनांक 20 नवम्बर 2025 से प्रारंभ भी किया गया था। लेकिन सर्वोच्च न्यायालय के दिनांक 17 नवम्बर 2025 के निर्णय के अनुसार, विमानों जिसमें हेलीकाप्टर भी शामिल है, को टाइगर रिजर्व के हवाई क्षेत्र के ऊपर से 1000 फीट की ऊंचाई से उड़ान भरनी होगी।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई एवं पचमढ़ी क्षेत्र में स्थित हेलीपैड, इको सेंसेटिव जोन में होने के कारण वहां हेलीकॉप्टर संचालन की अनुमति प्राप्त न होने से ऑपरेटर मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्रालि द्वारा भोपाल-मढ़ई-पचमढ़ी के मध्य हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन वर्तमान में नहीं किया जा रहा है एवं वर्तमान में सेक्टर-2 में भोपाल, चंदेरी, ओरछा के मध्य (माह 19 अप्रैल 2026 से) हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जा रही है।
अब कलेक्टर नर्मदापुरम ने ईको सेंसिटिव जोन क्षेत्र के बाहर नर्मदापुरम जिले के अंतर्गत पचमढ़ी पर्यटन स्थल के लिए समीपस्थ मटकुली से हेलीकॉप्टर का संचालन किये जाने हेतु नवीन भूमि चिन्हित कर ली गई है, जिस पर हेलीपैड निर्माण कार्य कराये जाने की कार्यवाही जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। उक्त हेलीपैड निर्माण उपरान्त शीघ्र ही हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जाएगी।
Created On :   6 Oct 2026 1:08 AM IST












