MP News: भोपाल के होटल में एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा गया युवक, 10 किलो गांजे के साथ 60 वर्षीय महिला गिरफ्तार

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। भोपाल में क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थ को लेकर दो अलग-अलग कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। क्राइम ब्रांच ने बुधवार को बागसेवनिया स्थित जलसा होटल से एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी युवक अनिल राठौर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर बागसेवनिया स्थित जलसा होटल में क्राइम ब्रांच ने दबिश दी। जहां एमडी ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया।
आरोपी होटल में ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.51 ग्राम एमडी जैसा पदार्थ जब्त किया। बताया गया कि आरोपी अमित की तलाशी की कार्रवाई के दौरान उसके पास एक पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में रखा सफेद पाउडर नुमा पदार्थ बरामद हुआ। प्रारंभिक परीक्षण करने पर पदार्थ एमडी जैसा प्रतीत हुआ। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही। गिरफ्तार आरोपी अनिल राठौर बिलकिसगंज, जिला सीहोर का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी से जब्त मोबाइल के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही। पुलिस ड्रग्स के सप्लायर और नेटवर्क का पता लगा रही। फिलहाल आरोपी अमित से पुलिस पूछताछ कर रही।
3 लाख कीमत के गांजे के साथ महिला गिरफ्तार
एक और मामले में गोविंदपुरा क्षेत्र में क्राइम ब्रांच ने एक 60 वर्षीय महिला किरण अहिरवार को कस्तूरबा अस्पताल के पास से पकड़ा है। आरोपी महिला के पास झोले में गांजा मिला। महिला गांजे को बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही थी। पुलिस के अनुसार तलाशी लेने पर झोले से 10 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। महिला मजदूरी करती है और अनपढ़ है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पुलिस गांजे की सप्लाई चेन और इसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
Created On :  
