MP News: जल संसाधन विभाग के 26 जलाशयों में सुरक्षा मानकों के साथ टूरिज्म बोटिंग हो सकेगी

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। राज्य के जल संसाधन विभाग के अंतर्गत आने वाले 26 जलाशयों में अब सुरक्षा मानकों के साथ टूरिज्म बोटिंग हो सकेगी। इसकी अनुमति राज्य पर्यटन बोर्ड ने प्रदान कर दी है। उल्लेखनीय है कि जबलपुर के बरगी जलाशय में क्रूज दुर्घटना के बाद पर्यटन बोर्ड ने 13 मई 2026 को जलक्रीड़ा गतिविधियां प्रतिबंधित कर दी थीं।
अब बोर्ड ने पुन: इसे चालू करने के संबंध में कहा है कि जनहित में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समस्त निजी लायसेंसधारी बोट आपरेटर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुये पुन: जलक्रीड़ा गतिविधियों का संचालन प्रारंभ कर सकते हैं। समस्त लाइफ जैकेट, सेफ्टी गियर एवं आपातकालीन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी पूर्ण क्रियाशीलता की अंतिम जांच कर ली जाये। प्रत्येक स्थल पर प्रशिक्षित लाइफ गार्ड/रेस्क्यु टीम एवं तकनीकी स्टाफ की उपस्थिति कराई जाये।
मौसम विभाग की चेतावनियों एवं जलस्तर का नियमित अवलोकन किया जाये तथा प्रतिकूल मौसम की स्थिति में गतिविधियों को तत्काल रोका जाये। संचालन स्थल एवं जल क्षेत्र में आवश्यक सावधानियों से संबंधित निर्देशात्मक सूचनायें/साइन बोर्ड प्रमुख स्थलों पर प्रदर्शित किये जायें। जल संसाधन विभाग ने भी सभी मैदानी मुख्य अभियंताओं को अपने क्षेत्र के चयनित जलाशयों में जलक्रीड़ा गतिविधियां प्रारंभ करवाने के लिये निर्देश जारी कर दिये हैं।
Created On :  
