स्वच्छता सर्वेक्षण 2026: रीवा को रिवरफ्रंट में पहला, तो जबलपुर और इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को मिला दूसरा स्थान

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के विजेताओं को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार दिया। देशभर के 4751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे। इस बार सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में इंदौर और देपालपुर को स्वच्छता के मामले में दूसरा स्थान मिला। इंदौर ने देपालपुर के साथ साझेदारी कर व्यवस्था, तकनीक और संसाधन साझा किए। जिसके चलते पिछले साल प्रदेश में 378 वीं रैंक पाने वाले देपालपुर ने इंदौर के साथ दूसरा स्थान मिला। करीब 20 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देपालपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया।
30 सितंबर 2025 को शुरू हुई स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत इंदौर को देपालपुर का मेंटर बनाया गया था। वहीं 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन को पहला स्थान मिला।
उज्जैन को कचरे के बेहतर प्रबंधन और उससे उपयोगी उत्पाद तैयार करने के इनोवेशन के लिए पुरस्कार मिला। 50 हजार से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देवास पहले स्थान पर रहा। रिवर फ्रंट में रीवा सबसे आगे रहा।
रीवा में चला विशेष सफाई अभियान
रीवा को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने, घर-घर से कचरा उठाने और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग इकट्ठा करने पर पुरस्कार मिला। लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम और विशेष सफाई अभियान चलाए गए। रीवा में कचरे के सही निपटान और दोबारा उपयोग के लिए भी कई काम किए। गीले कचरे से जैविक खाद , प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन और कबाड़ से कलाकृतियां बनाने को सराहना मिली। लगातार दो साल स्वच्छता रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहने वाले भोपाल इस बार स्थान नहीं ला सका। इसमे सबसे बड़ी वजह आदमपुर छावनी में जमा करीब 5 लाख टन पुराने कचरे का निपटान नहीं होना माना जा रहा।
स्वच्छता का कैसे होता है आकलन
निकायों में स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतों के आधार पर आकलन करती है। जिसमें कचरे का पृथक्करण, पुराने कचरे का निपटान, डोर टू डोर कलेक्शन, और परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच, सीवेज प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों के कल्याण को आधार बनाया जाता है। प्रशिक्षण की टीमें शहरों में जाकर निरीक्षण करती हैं। जीपीएस, फोटो और अन्य दस्तावेजों के जरिए निगरानी और परख की जाती है। मानकों के आधार पर अंक जुड़ते हैं और रैंकिंग बनती है।
Created On :  
