MP News: भोपाल के बिलखिरिया में चोरों का आतंक, एक महीने में दर्जनों चोरियां, लॉकअप से भी फरार हो गया आरोपी!

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। क्षेत्र के गांवों में लगातार चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले एक महीने में करीब दो दर्जन चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि ग्रामीण चोरी की घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज तक पुलिस को उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन आरोप है कि उनकी शिकायतें तक दर्ज नहीं की जा रही हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि ग्रामीणों को खुद ही चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े -22 नवंबर को होगा बरखेड़ा नाथू अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का उद्घाटन, मांडविया-मोहन यादव होंगे शामिल
दुकान में दो बार चोरी, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं!
बिलखिरिया निवासी राहुल कुशवाहा मोटर वाइंडिंग का काम करते हैं। राहुल के मुताबिक, करीब एक महीने पहले उनकी दुकान पर दो चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने न तो उनका आवेदन लिया और न ही मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई की।
एक महीने बाद चोरों ने दोबारा उसी दुकान को निशाना बनाने की कोशिश की। इस बार राहुल कुशवाहा और आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाने के लॉकअप से ही फरार हो गया आरोपी!
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला घटनाक्रम तब सामने आया, जब ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया आरोपी बिलखिरिया थाने के लॉकअप से ही फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी के फरार होने की जानकारी पुलिस को भी समय पर नहीं लगी।
जब ग्रामीण आरोपी के संबंध में जानकारी लेने थाने पहुंचे, तब पुलिस को उसके लॉकअप में नहीं होने का पता चला। इसके बाद थाने में हड़कंप मच गया और पुलिसकर्मी उसकी तलाश में जुट गए।
यह भी पढ़े -भोपाल में फिर गोवंश के अवशेष मिले, हिंदू संगठनों का हंगामा, प्रशासन ने आरोपी के घर पर चलाया हथौड़ा
पुलिस नहीं ढूंढ पाई, ग्रामीणों ने खेत से पकड़ लिया!
ग्रामीणों का दावा है कि पुलिसकर्मी काफी देर तक आरोपी की तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं लगा सके। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद प्रयास किया और कुछ ही मिनटों में पीछा करते हुए आरोपी को खेत से दोबारा पकड़ लिया।
इस घटनाक्रम ने बिलखिरिया पुलिस की कार्यप्रणाली और थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
असली चोर अब भी फरार, सामान भी बरामद नहीं
राहुल कुशवाहा की दुकान में पहली बार चोरी करने वाले आरोपियों का अब तक पता नहीं चल पाया है। राहुल का आरोप है कि पुलिस ने उनकी पहली शिकायत दर्ज नहीं की, न ही चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए कोई ठोस प्रयास किया।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और लॉकअप से आरोपी के फरार होने के मामले ने ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ा दी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ग्रामीण खुद चोर पकड़कर पुलिस को सौंप रहे हैं, तो फिर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी? क्या पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करेगा?
Created On :  

