MP News: वक्फ बोर्ड में हिंदू सदस्यों की नियुक्ति पर मुस्लिमों का विरोध, विधायक मसूद ने कहा सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

वक्फ बोर्ड में हिंदू सदस्यों की नियुक्ति पर मुस्लिमों का विरोध, विधायक मसूद ने कहा सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र वक्फ बोर्ड में दो हिंदू (गैर-मुस्लिम) सदस्यों की नियुक्ति के बाद प्रदेश में विरोध शुरु हो गया। सोमवार को भोपाल में राज्य सरकार के खिलाफ ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के पदाधकारियों और भोपाल मध्य से विधायक आरिफ मसूद ने इसका विरोध किया। ज्ञात हो कि रविवार को वक्फ बोर्ड का पुनर्गठन किया गया। इसमें इंदौर के मनोज मालपानी और गुना के राघौगढ़ निवासी अनिमेष भार्गव को सदस्य बनाया गया।

डॉ सनवर पटेल को बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बोर्ड में दोनों हिंदू सदस्यों को शामिल करने के विरोध में भोपाल के बुधवारा चौराहे पर कमेटी के पदाधिकारी और सदस्यों ने प्रदर्शन किया। कहा कि सरकार अपना निर्णय वापस लें। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि वक्फ मुस्लिम समाज की धार्मिक और सामाजिक संस्था है, जहां लोग अपनी संपत्ति अल्लाह की रजा के लिए वक्फ करते हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड प्रबंधन में गैर-मुस्लिम सदस्यों की नियुक्ति उचित नहीं है। जबकि विधायक मसूद ने कहा कि वक्फ बोर्ड मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। अंतिम निर्णय आना बाकी है। इसी बीच वक्फ बोर्ड का गठन कर दिया, जिसमें गैर मुस्लिम सदस्यों को शामिल किया गया है। मै इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाऊंगा।

मंत्री ने कहा धर्म के चश्मे से न देखा जाए

इधर, सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि वक्फ कानून 2026 लागू करने वाले मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है, यह प्रसन्नता की बात है। इसे धर्म के चश्मे से देखना आश्चर्य की बात है। वक्फ बोर्ड केवल मस्जिदों तक सीमित नहीं है इसका दायरा बहुत बड़ा है। यह कानून लोकसभा और राज्यसभा में विचार विमर्श के बाद बना है।

Created On :   8 July 2026 1:18 AM IST

Tags

Next Story