भोपाल मास्टर प्लान-2047: भोपाल मास्टर प्लान क्रेडाई ने कहा- सरकारी विभागों की तरह बिल्डरों को भी मिले छूट और सुविधा

भोपाल मास्टर प्लान क्रेडाई ने कहा- सरकारी विभागों की तरह बिल्डरों को भी मिले छूट और सुविधा

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। भोपाल मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर गुरुवार को हुजूर तहसील कार्यालय परिसर में क्रेडाई भोपाल की ओर से दर्ज आपत्तियों की सुनवाई हुई। क्रेडाई पदाधिकारियों ने लैंड यूज, टीडीआर पॉलिसी और टाउन प्लानिंग स्कीम को लेकर सुझाव दिए। उन्होंने सरकारी विभागों की तरह बिल्डर्स को भी नियमों में छूट और सुविधाओं का लाभ देने की मांग की। उनका तर्क है कि अगर सिर्फ सरकारी विभागों को इसका फायदा मिलेगा तो निजी बिल्डर कंपटीशन से बाहर हो जाएंगे। क्रेडाई अध्यक्ष मनोज सिंह मीक ने कहा कि

शहर का सुनियोजित डेवलपमेंट सही होना चाहिए। इसके लिए मास्टर प्लान जरूरी है। क्रेडाई के सदस्यों ने कहा ड्राफ्ट में ग्रीन बिल्डिंग को लेकर एक भी नियम नहीं है। इससे निजी डेवलपर को अतिरिक्त एफएआर मिलता है। हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात और असम में ग्रीन बिल्डिंग को लेकर लाभ मिलता है। ग्रीन बिल्डिंग में चार्जिंग स्टेशन, सोलर पैनल, रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने से खर्च बढ़ता है। बिल्डिंग की प्लानिंग अलग तरह से होती है।

इससे कंस्ट्रक्शन महंगा होता है। वहीं सिल्वर रेटेड पर ग्रीन बिल्डिंग बनाने में 10 प्रतिशत, गोल्ड पर 12 प्रतिशत और ग्रीन बिल्डिंग रेसिडेंसियल प्रोजेक्ट के लिए 15 प्रतिशत अतिरिक्त एफएआर मिलना चाहिए। इसके साथ ही क्रेडाई के सदस्यों ने कहा पूर्व के प्रस्तावित मास्टर प्लान में इनर रिंग रोड को पश्चिम की ओर बढ़ाकर सुहागपुर कोलार रोड, रातीबड़ होते हुए इंदौर रोड से 45 मीटर मार्ग द्वारा जोड़ा गया था। जिससे भोपाल की पहली रिंग रोड स्थापित हो सके। मौजूदा ड्राफ्ट में 45 मीटर पश्चिमी रिंग को समाप्त कर दिया गया है। इससे अनेक निवेशकों के प्रोजेक्ट संकट में आ गए हैं।

गुजरात मॉडल की तर्ज पर हो समीक्षा

क्रेडाई सदस्यों का कहना है कि मप्र में भी गुजरात मॉडल की तर्ज पर टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत भूमि वापसी के अनुपात की समीक्षा की जाए। गुजरात में मूल भूमि के 100 प्रतिशत क्षेत्र में से 60 प्रतिशत पुनर्गठित भूखंडों के रूप में वापस मिलने का मॉडल है। एमपी में यह 50 प्रतिशत है। 8 साल बीत जाने के बाद भी टीडीआर पॉलिसी नहीं आई। टीडीआर के प्रमाण पत्र में बंधन लगाकर विकास को रोका जा रहा। आरजी-1, 2 और 3 क्षेत्रों के लिए डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में एक हेक्टेयर न्यूनतम भूमि की बाध्यता समाप्त की जाए। इन क्षेत्रों में एक ही टुकड़े के रूप में एक हेक्टेयर भूमि की उपलब्धता कम है और कीमत अधिक है। इसलिए एक हेक्टेयर की बाध्यता केवल आरजी-4 जोन में ही लागू किया जाना चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story