भोपाल न्यूज: 82 करोड़ से ऐशबाग के जनता क्वार्टर्स का करेगा फिर से निर्माण, मास्टर प्लान से प्रभावित हो सकता है प्रोजेक्ट

82 करोड़ से ऐशबाग के जनता क्वार्टर्स का करेगा फिर से निर्माण, मास्टर प्लान से प्रभावित हो सकता है प्रोजेक्ट
मप्र हाउसिंग बोर्ड भोपाल के ऐशबाग के जनता क्वार्टर्स के लिए लगभग 82 करोड़ रुपये का पुनर्विकास प्लान (रिडेवलपमेंट) तैयार कर रहा।

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र हाउसिंग बोर्ड भोपाल के ऐशबाग के जनता क्वार्टर्स के लिए लगभग 82 करोड़ रुपये का पुनर्विकास प्लान (रिडेवलपमेंट) तैयार कर रहा। पुनर्विकास प्लान भोपाल मास्टर प्लान 2047 के प्रस्तावित ड्राफ्ट के अनुसार है। हालांकि अभी मास्टर प्लान आया नहीं है और इस पर लगातार सुनवाई और सुझाव मांगे जा रहे। अधिकारियों के मुताबिक प्रस्तावित मास्टर प्लान के अनुसार एक प्रारंभिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट (पीपीआर ) तैयार की जा रही। प्रस्ताव में 9 मीटर चौड़ी सड़कें और प्रोजेक्ट के सामने वाले हिस्से में 10 से अधिक दुकानें शामिल हैं। प्रस्तावित मास्टर प्लान 2047 के अनुरूप ही बेसमेंट और पार्किंग की सुविधा भी देने की योजना है।

पुनर्विकास प्लान के अनुसार निर्माण कार्य शुरू होने से पहले लगभग 100 टन मलबे को हटाया जाना है। इसके लिए हाउसिंग बोर्ड ने टेंडर जारी करने की तैयारी की है। हालांकि कुछ दिन पहले आठ घंटे चली कार्रवाई के दौरान 599 जर्जर जनता क्वाटर्स को गिरा दिया गया था। पुनर्विकास के लिए 24 नवंबर को 3.23 हेक्टेयर की जगह को खाली करा लिया गया था। हालांकि टूटी हुई ईंटें और निर्माण का अन्य सामान पहले ही गायब होने लगा है। अधिकारियों के अनुसार सरकार के पीपीआर को मंजूरी मिलने और फंड आवंटित होने के एक सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली जाएगी। बताया गया कि पात्र और कानूनी रूप से आवंटित मकान पाने वाले लोगों को किराए के लिए सहायता दी जाएगी। उन्हें पहले वाले मकानों से 20 प्रतिशत बड़े घर मिलेंगे। नए मकानों का निर्माण शुरू होने से पहले इस जगह को पूरी तरह साफ किया जाएगा।

बिना मास्टर प्लान प्रभावित हो सकता है प्रोजेक्ट

भोपाल मास्टर प्लान को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने 22 सितंबर की सुनवाई के दौरान निर्देश दिया था कि नए मास्टर प्लान की मंजूरी मिलने के बाद ही लागू किया जा सकता है। 23 नवंबर से आपत्तियों और सुझावों पर सुनवाई हो रही। अब अगर पुनर्विकास योजना लाई जाती है तो यह मास्टर प्लान के आने से पहले लाना जोखिम भरा हो सकता है। लेकिन हाउसिंग बोर्ड ने सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के पहले ही पुनर्विकास प्रोजेक्ट की तैयारियां आगे बढ़ा दी हैं। जिससे प्रोजेक्ट के अंधूरा होने की आशंका बनी रहेगी। मास्टर प्लान पर आपत्तियां और सुझाव 30 नवंबर तक लिए जाएंगे। इसमें अभी सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिलना भी बाकी है।

Created On :  

Tags

Next Story