MP News: इंदौर-भोपाल में मकान तोड़ने पर पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखा खत, कहा - 'भू-माफिया और प्रशासनिक संरक्षण की जांच करवाएं'

इंदौर-भोपाल में मकान तोड़ने पर पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखा खत, कहा - भू-माफिया और प्रशासनिक संरक्षण की जांच करवाएं
भोपाल और इंदौर में आवासीय जर्जर मकान तोड़े जाने के विराेध में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल और इंदौर में आवासीय जर्जर मकान तोड़े जाने के विराेध में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा कि इंदौर-भोपाल में मकानों की तोड़फोड़ से गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत, सुरक्षित आवास, मुआवजा और पुनर्वास की मांग करते हुए भू-माफिया और अवैध कॉलोनियों के मामलों की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की है। पत्र में लिखा कि प्रदेश में भाजपा कई साल से जनमत और सत्ता का नेतृत्व कर रही है। जनता ने विकास, सुरक्षित आवास, बेहतर जीवन और सुशासन की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन इंदौर और भोपाल में हाल में मकानों की तोड़फोड़ ने सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने चिंता जाहिर की कि क्या प्रदेश में जमीन खरीदने, मकान बनाने और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने वाला आम नागरिक ही सरकारी व्यवस्था की विफलताओं की कीमत चुकाएगा?

पटवारी ने पत्र में लिखा कि प्रदेश में बीते 25 साल के दौरान विकसित हुई अवैध कॉलोनियों, जमीन की खरीद-बिक्री, कॉलोनाइजरों, भूमि स्वामित्व विवादों, भवन अनुमतियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की समयबद्ध, स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए। ऐसी सभी कॉलोनियों की सूची तैयार की जाए, जहां नागरिकों ने मकान बना लिए हैं, लेकिन भूमि स्वामित्व, विकास अनुमति, मूलभूत सुविधाओं या वैधता को लेकर विवाद हैं। लोगों को कार्रवाई से पहले स्पष्ट सूचना, कानूनी सहायता और समाधान का अवसर दिया जाए।

भू-माफियाओं पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?

उन्होंने मांग की है कि मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में एक प्रदेश स्तरीय आवास एवं भूमि विवाद राहत प्रकोष्ठ बनाया जाए, जो पीड़ितों की शिकायतों का निराकरण करें। पत्र में लिखा कि इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों पर चली मशीनें सिर्फ ईंट, सीमेंट और दीवारें नहीं तोड़ रही थीं, वे उन परिवारों की दशकों की मेहनत, जमा पूंजी, बच्चों के भविष्य और जीवनभर के सपनों को मलबे में बदल रही थीं। वर्षों से वहां रहने वाले परिवारों ने जमीन खरीदी, मकान बनाए और जीवन बसाने में अपनी जमा पूंजी लगा दी थी। कई लोगों के पास रजिस्ट्री थी, कई नगर निगम को संपत्ति कर देते रहे और कुछ परिवारों के मकानों पर बैंक का कर्ज भी चल रहा था। भोपाल के जनता क्वार्टर के 600 आवासों में से 599 तोड़ दिए गए। यह क्षेत्र लगभग 3,000 लोगों का निवास स्थान था। मकान जर्जर घोषित किए गए थे और पुनर्विकास की योजना सामने रखी गई थी, लेकिन विस्थापन के समय किराये की सहायता, उसकी पर्याप्तता और पुनर्वास को लेकर लोगों की चिंता स्पष्ट रही।

पटवारी ने पत्र में लिखा कि भू-माफिया के विरुद्ध सरकार की कार्रवाई क्यों नहीं होती? उनकी संपत्ति, अवैध कमाई, जमीन के लेन-देन, कॉलोनी विकास, अधिकारियों से सांठगांठ और राजनीतिक संरक्षण की जांच क्यों नहीं होती? सरकार का दायित्व अवैध व्यवस्था को खत्म करना है, उस व्यवस्था के शिकार नागरिकों को सजा देना नहीं।

Created On :  

Tags

Next Story