MP News: कांग्रेस का आरोप, 22 साल से सहकारी संस्थाओं में चुनाव नहीं कराना लोकतंत्र की हत्या, सहकारिता आंदोलन को सरकारी नियंत्रण में रख रही भाजपा सरकार : चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी

कांग्रेस का आरोप, 22 साल से सहकारी संस्थाओं में चुनाव नहीं कराना लोकतंत्र की हत्या, सहकारिता आंदोलन को सरकारी नियंत्रण में रख रही भाजपा सरकार : चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी
मप्र कैबिनेट ने 23 नवंबर, 2026 को प्रदेश की लगभग 4500 पैक्स सोसायटियों के चुनाव एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र कैबिनेट ने 23 नवंबर, 2026 को प्रदेश की लगभग 4500 पैक्स सोसायटियों के चुनाव एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया है। इसको लेकर बुधवार को मप्र कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी ने आराेप लगाया कि भाजपा सरकार सहकारिता आंदोलन को सरकारी नियंत्रण में लेकर कमजोर कर रही है। मप्र में 22 साल से सहकारी संस्थाओं का चुनाव ही नहीं करवाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सहकारी संस्थाओं में वर्षों से प्रशासकों का कब्जा है। एक साल और चुनाव टालना, सहकारिता व्यवस्था पर कुठाराघात और हत्या है।

द्विवेदी ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। कहा कि प्रदेश में सहकारिता आंदोलन की मूल भावना को खत्म कर सहकारी संस्थाओं को सरकारी नियंत्रण में रखा जा रहा है। लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत सदस्यों द्वारा चुने जाने वाले संचालक मंडलों की जगह वर्षों से सरकारी प्रशासक काम कर रहे हैं। यह स्थिति सहकारिता के सिद्धांतों और लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है। प्रदेश की अनेक सहकारी संस्थाओं में 20-22 साल से चुनाव नहीं हुए। उन्होंने कहा कि मप्र सहकारी बीज संघ में वर्ष 2005 से, मप्र दुग्ध महासंघ, सहकारी उपभोक्ता संघ, सहकारी आवास संघ, सहकारी बैंक में वर्ष 2004 से प्रशासक काम कर रहे हैं। प्रदेश के 38 जिला सहकारी बैंकों में वर्ष 2014 से, लगभग 4 हजाार 500 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और 450 विपणन सहकारी समितियों में वर्ष 2018 से प्रशासक काम कर रहे। लंबे समय तक चुनाव नहीं होना प्रदेश की सहकारी व्यवस्था में लोकतांत्रिक जवाबदेही के अभाव को दर्शाता है।

द्विवेदी ने कहा कि सहकारी संस्थाएं केवल प्रशासनिक इकाइयां नहीं हैं, बल्कि किसानों, ग्रामीणों और आम सदस्यों की आर्थिक एवं सामाजिक भागीदारी का माध्यम हैं। पैक्स समितियां और जिला सहकारी बैंक किसानों की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ हैं। इनमें निर्वाचित प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति से सदस्यों का अधिकार कमजोर हुआ और सहकारिता आंदोलन का मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।

Created On :  

Tags

Next Story