Rewa News: भोपाल की बेटियों ने कबड्डी में मारी बाजी, इंदौर को हराकर बनीं राज्य चैंपियन

भोपाल की बेटियों ने कबड्डी में मारी बाजी, इंदौर को हराकर बनीं राज्य चैंपियन
प्रतियोगिता के अंत में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

डिजिटल डेस्क,रीवा। कबड्डी के मैदान में प्रदेशभर की महिला खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में भोपाल संभाग ने बाजी मार ली। पीएम श्री शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में भोपाल ने इंदौर को पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 संभागों की टीमों ने हिस्सा लिया। सभी मुकाबले नॉकआउट पद्धति से खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने दमखम और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल मुकाबलों में भोपाल और जबलपुर संभाग आमने-सामने हुए। भोपाल की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए जबलपुर को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में रीवा और इंदौर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें इंदौर ने रीवा को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

फाइनल में भोपाल ने इंदौर को मात देकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। समापन समारोह में अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. रामभूषण मिश्रा मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व क्रीड़ा अधिकारी अनिल सिंह, एमपी सिंह, मोहनलाल शर्मा और जिला कबड्डी संघ के सचिव स्वदीप सिंह शामिल रहे।

रीवा की रुनझुन बनीं बेस्ट कैचर

प्रतियोगिता के अंत में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भोपाल की गुड़िया शर्मा को बेस्ट रेडर, रीवा की रुनझुन पटेल को बेस्ट कैचर और इंदौर की दिया डाटा को बेस्ट ऑलराउंडर चुना गया।

आयोजन में विभिन्न संभागों और महाविद्यालयों से आए अधिकारियों एवं अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. रविंद्र सिंह, डॉ. पुष्पेंद्र पांडे, डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. शिल्पा शर्मा, डॉ. उपेंद्र पांडे, डॉ. अभिषेक, डॉ. वेणुमाधव पांडे, डॉ. इंद्रपाल सिंह कल्चुरियन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. राहुल शर्मा ने किया। आयोजक सचिव डॉ. हबीब खान एवं डॉ. राजेश भारती ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Created On :  

Next Story