Rewa News: कलेक्टर से छात्रों की शिकायत पर अधीक्षक निलंबित

डिजिटल डेस्क,रीवा। ज्ञानोदय ट्राइबल छात्रावास की अव्यवस्थाओं और अधीक्षक के कथित दुर्व्यवहार से परेशान सैकड़ों छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच गए। खास बात यह रही कि छात्र अपनी परीक्षाएं छोड़कर कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचे थे। छात्रों के अचानक कलेक्ट्रेट पहुंचने से प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई।
छात्रों के पीछे-पीछे विद्यालय के प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक भी कलेक्ट्रेट पहुंच गए। उन्होंने बच्चों को समझाने और वापस विद्यालय ले जाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र कलेक्टर से मुलाकात करने की मांग पर अड़े रहे। कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में छात्रों के एकत्र होने और उनके हाल में बैठने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अपने चैंबर से बाहर आए और सीधे बच्चों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान छात्रों ने छात्रावास अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके साथ आए दिन अभद्र व्यवहार किया जाता है। अधीक्षक बातचीत के दौरान गाली-गलौज और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। छात्रों ने यह भी शिकायत की कि छात्रावास में शासन द्वारा निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में कई बार अधीक्षक और प्राचार्य से शिकायत की गई, लेकिन उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जाता रहा।
छात्रों ने छात्रावास की बदहाल व्यवस्थाओं की भी पोल खोली। उन्होंने बताया कि परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और शौचालय भी काम नहीं कर रहे हैं। इसके चलते उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तमाम शिकायतों के बावजूद विद्यालय प्रबंधन की ओर से व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने अधीक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया।
Created On :  
