Rewa News: किसानों से लिखित वादे पूरे नही, किसान मोर्चा ने दिया धरना

डिजिटल डेस्क,रीवा। संविधान दिवस पर संयुक्त किसान मोर्चे के राष्ट्रीय आह्वान पर संयुक्त किसान मोर्चा रीवा संभाग द्वारा धरना उपरांत राष्ट्रपति के नाम कमिश्नर रीवा को ज्ञापन सौंपा गया। एसकेएम के नेताओं ने कहा कि यह दिन 26 नवंबर 2020 को शुरू हुए ऐतिहासिक किसान संघर्ष की 6वीं वर्षगांठ का प्रतीक है।
ज्ञापन में कहा गया कि 9 दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार ने किसानों से लिखित वादे किए थे, जो आज तक पूरे नहीं हुए। मोर्चे ने ज्ञापन में मुख्य मांगे रखते हुए कहा कि भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता न हो, सभी एफटीए रद्द हों,एम एस पी पर कानून बने , सभी फसलों की खरीद की गारंटी हो, किसानों का पूरा कर्ज माफ हो, आत्महत्या पीड़ित परिवार को 25 लाख मुआवजा दिया जाए।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि वादे पूरे नहीं हुए तो किसान-मजदूर फिर सड़कों पर उतरेंगे, जैसे 6 साल पहले उतरे थे। इस अवसर पर संयोजक शिव सिंह एडवोकेट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Created On :  
