MP News: 11 मुकदमे, बेटी की चिंता और न्याय की गुहार... भोपाल की सड़कों पर दौड़ रही अनोखी कार, बनी चर्चा का विषय

11 मुकदमे, बेटी की चिंता और न्याय की गुहार... भोपाल की सड़कों पर दौड़ रही अनोखी कार, बनी चर्चा का विषय
भोपाल की सड़कों पर इन दिनों एक अनोखी कार लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कार के बोनट और अन्य हिस्सों पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखे संदेश राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल की सड़कों पर इन दिनों एक अनोखी कार लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कार के बोनट और अन्य हिस्सों पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखे संदेश राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। इन संदेशों में वैवाहिक विवाद, बेटी की सुरक्षा, न्यायिक प्रक्रिया में देरी और कथित झूठे मुकदमों को लेकर नाराजगी जाहिर की गई है। यह कार छतरपुर के रहने वाले मुदित चौरसिया की बताई जा रही है।

दरअसल, मुदित चौरसिया ने अपनी कार को अपनी परेशानी और शिकायतें सार्वजनिक रूप से सामने रखने का माध्यम बनाया है। उन्होंने कार पर वैवाहिक विवाद से जुड़े 11 मुकदमों का जिक्र करते हुए न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मामलों के निपटारे में काफी समय लगता है। इसके साथ ही उन्होंने कथित झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है।

बेटी की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

कार पर लिखे संदेशों में मुदित चौरसिया ने अपनी बेटी को लेकर भी चिंता जाहिर की है। एक संदेश में उन्होंने लिखा है कि उन्हें नहीं पता कि उनकी बेटी कहां है, लेकिन उसके साथ कुछ गलत होने की आशंका और उससे जुड़े लोगों के बारे में उन्हें जानकारी है। इन संदेशों के जरिए उन्होंने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों और बेटी से जुड़ी चिंताओं को सार्वजनिक किया है।

कार पर लिखे संदेशों में दी गई चुनौती

कार पर लिखे कुछ अन्य संदेशों में उन्होंने मामले से जुड़े लोगों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है। एक संदेश में उन्होंने कहा है कि वह जो भी कदम उठाएंगे, उसके बाद खुद पुलिस के पास जाएंगे। इसके अलावा एक अन्य संदेश में अच्छे लोगों पर हिंसा करने वालों को चुनौती देते हुए अपना पक्ष रखने और वीडियो भेजने की बात भी लिखी गई है।

कार पर लिखे संदेशों ने छेड़ी बहस

भोपाल की सड़कों पर घूम रही इस कार को देखकर लोग रुककर संदेश पढ़ रहे हैं। कोई इसे अपनी परेशानी सार्वजनिक करने का तरीका मान रहा है, तो कोई कार पर लिखे आरोपों को लेकर सवाल उठा रहा है। हालांकि, मुदित चौरसिया की ओर से कार पर लिखे गए आरोपों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित पक्षों का पक्ष भी सामने आना बाकी है।

Created On :  

Tags

Next Story