Mauganj News: आपात स्थिति से निपटने के लिए मऊगंज में हुआ 'ब्लैक आउट ऑपरेशन'

आपात स्थिति से निपटने के लिए मऊगंज में हुआ ब्लैक आउट ऑपरेशन
सायरन की आवाज पर बुझाई गईं लाइटें, पुलिस, एसडीआरएफ और एनसीसी जवानों ने किया सयुंक्त अभ्यास

डिजिटल डेस्क,मऊगंज। जिले में आपातकालीन परिस्थितियों, विशेषकर हवाई हमले (एयर स्ट्राइक) जैसी स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार शाम 6 बजे 'ब्लैकआउट ऑपरेशन' मॉकड्रिल की गई। जिला कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत हुए इस अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ और एनसीसी कैडेट्स ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला।

अफसरों की मौजूदगी में हुआ अभ्यास

मॉकड्रिल एसपी सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन व एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में हुई। इस दौरान रक्षित निरीक्षक रवीन्द्र सिंह, जिला विशेष शाखा प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीश सिंह ठाकुर व पुलिस बल मौजूद रहा। एसडीआरएफ रीवा के कंपनी कमांडर विकास कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टीम के सदस्य पीसी चन्द्रकांत तिवारी, हरिओम मिश्रा, दिलराज सिंह, इला श्रीश, विकास जाट और कुलदीप सिंह चौहान ने सुरक्षा प्रक्रियाओं का जीवंत प्रदर्शन किया। एनसीसी विद्यार्थियों ने भी आपदा प्रबंधन के गुर सीखे।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

मॉकड्रिल का उद्देश्य सुरक्षा बलों के बीच समन्वय बनाना और आमजन को ब्लैकआउट के नियमों से अवगत कराना था। पुलिस ने नागरिकों को समझाइश दी कि सायरन या धमाके की आवाज सुनकर घबराएं नहीं, बल्कि घर व प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद कर सुरक्षित स्थान पर रहें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह एक पूर्व निर्धारित सुरक्षा अभ्यास है, अतः लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

Created On :  

Next Story