Mauganj News: नईगढ़ी पुलिस की बेरुखी से टूटा परिवार पहुंचा एसपी दफ्तर

डिजिटल डेस्क,मऊगंज। मऊगंज के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बैजला में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज पीड़ित परिवार ने शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शशिकांत सरयाम को ज्ञापन सौंपा। परिजनों ने सीधा आरोप लगाया है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। परिवार ने आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रताड़ना का विरोध किया तो मारपीट कर लटकाया
शिकायतकर्ता पिता अशोक कुमार दुबे ने बताया कि वे अहमदाबाद में निजी नौकरी करते हैं। गांव में उनकी 18 वर्षीय बेटी ज्ञानवी दुबे अपनी मां विनीता और छोटे भाई-बहनों के साथ रहती थी। परिजनों का आरोप है कि गांव का ही एक युवक फोन पर ज्ञानवी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था, जिसकी शिकायत युवक के घरवालों से भी की गई थी। परिजनों के मुताबिक, घर के सदस्यों की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर 1 नवंबर को आरोपी युवक, उसकी मां और चाची ने ज्ञानवी के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया 2 नवंबर की सुबह छोटी बहन शिवानी ने निर्माणाधीन मकान में ज्ञानवी का शव लटका देखा। ज्ञापन में मृतका के शरीर पर चोट व खरोंच के निशान होने और घटना के बाद मोबाइल से फोटो खींचे जाने जैसे संगीन आरोप भी लगाए गए हैं।
थाने में अनसुनी और केस वापस लेने का दबाव
मृतका की मां विनीता दुबे ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 2 और 3 नवंबर को नईगढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कई बार थाने के चक्कर काटने पर भी सुनवाई नहीं की गई, उल्टा गवाही से पहले केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी शशिकांत सरयाम ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Created On :  
