Mauganj News: सूजी तेलियान को मिली पक्की सड़क की सौगात, विधायक गिरीश गौतम ने किया भूमिपूजन

डिजिटल डेस्क,मऊगंज। जिले के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम बनाने की दिशा में गुरुवार को एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सीतापुर-बदवार मार्ग से सूजी तेलियान तक बनने वाली 1.20 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का भूमिपूजन समारोह विधि-विधान से संपन्न हुआ। करीब 74.93 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली इस सड़क का शिलान्यास कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने किया।
भूमिपूजन के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक गिरीश गौतम व अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का मुख्य उद्देश्य देश के हर गांव को बारहमासी पक्की सड़क से जोड़ना है।
इस सड़क के निर्माण से सूजी तेलियान सहित आसपास के कई गांवों की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को अब बाजार, स्कूल, अस्पताल और तहसील मुख्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी, विशेषकर बरसात के दिनों में होने वाली आवागमन की समस्या से स्थायी निजात मिल जाएगी।
मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण (पीआईयू P IUमऊगंज) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बताया गया कि सड़क का निर्माण कार्य मेसर्स कृष्णा कंस्ट्रक्शन, रीवा द्वारा कराया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी ग्रामीणों ने क्षेत्र को यह सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री व विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
Created On :  
