RNTU Bhopal: रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में कृषि संकाय के विद्यार्थियों का ICICI बैंक में कैंपस प्लेसमेंट

रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में कृषि संकाय के विद्यार्थियों का ICICI बैंक में कैंपस प्लेसमेंट

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) में कृषि संकाय के चार विद्यार्थियों को कैंपस प्लेसमेंट के जरिए नौकरी मिली है। विश्वविद्यालय में आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक ने ऑनलाइन कैंपस भर्ती का आयोजन किया था। जिसमें चयनित चार छात्रों को बैंक के फार्मर फाइनेंस विभाग में नियुक्ति मिली है। चारों को असिस्टेंट मैनेजर (बैंड-I) पद के लिए चयन किया गया है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रोफेसर आरपी दुबे और रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी है।

आईसीआईसीआई बैंक ने साल 2026 बैच के बीएससी और एमएससी कृषि के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन भर्ती अभियान आयोजित किया था। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 15 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन पंजीकरण, एप्टीट्यूड परीक्षा और साक्षात्कार शामिल था। सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद बीएससी कृषि के चार विद्यार्थियों का चयन कर लिया गया है।

चयनित छात्रों में गौरव कुमार, रौशन कुमार, हरिओम शर्मा और प्रिंस कुमार शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों को 4.22 लाख रुपये वार्षिक (सीटीसी) के पैकेज पर बैंक के फार्मर फाइनेंस विभाग में नियुक्ति दी गई है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रशासन, कृषि संकाय और करियर डेवलपमेंट सेल ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, संकाय के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय के उद्योगोन्मुखी शिक्षण का उत्कृष्ट परिणाम है। उन्होंने कहा कि आरएनटीयू विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्हें विश्वास है कि चयनित विद्यार्थी अपने ज्ञान, कौशल और कार्यनिष्ठा से संस्थान और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में नियमित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव, कौशल विकास प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार किया जाता है। कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां हर साल विश्वविद्यालय परिसर में प्लेसमेंट अभियान आयोजित करती हैं। जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सफल, आत्मनिर्भर और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप दक्ष पेशेवर के रूप में विकसित करना है।

डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, प्रो-चांसलर, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा, "रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में हमारा विश्वास है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों को सार्थक करियर के अवसरों से जोड़ना है। उद्योग-समेकित शिक्षा, अनुभवात्मक अधिगम और मजबूत कॉर्पोरेट साझेदारियों के माध्यम से हम विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास से सशक्त बनाते हैं, ताकि वे बदलते पेशेवर परिवेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। आईसीआईसीआई बैंक में कृषि संकाय के विद्यार्थियों का चयन हमारी इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है और हमें उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है।"

Created On :   17 July 2026 6:39 PM IST

Tags

Next Story