- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- नगरीय निकायों में अब जनगणना के मकान...
MP News: नगरीय निकायों में अब जनगणना के मकान सूचीकरण के साथ संपत्ति-जल कर का डाटा भी लिया जायेगा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के नगरीय निकायों में जनगणना के तहत मकान सूचीकरण के कार्य के साथ-साथ संबंधित मकान के संपत्तिकर एवं जल उपभोक्ता प्रभार का भी डाटा लिया जायेगा। इसके लिये राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों एवं निकाय प्रमुखों को निर्देश जारी किये हैं। निर्देश में कहा गया है कि जनगणना में शहरों में मकान सूचीकरण के काम नगरीय निकाय के अधिकारी-कर्मचारी ही प्रगणक के रुप में कर रहे हैं।
कई क्षेत्रों में नवीन निर्माण अथवा छूटी हुई संपत्तियां नगरीय निकाय के मुख्य कर रजिस्टर में दर्ज नहीं हो पा रही हैं जिससे नगरीय निकायों को निरन्तर राजस्व हानि हो रही है। इसलिये प्रगणक अनिवार्य रुप से प्रत्येक मकान/भवन के भ्रमण के दौरान नगरीय निकाय के डाटाबेस को शत प्रतिशत अपडेट एवं सत्यापित करें।
यदि कोई संपत्ति कर एवं जल प्रभार के दायरे से छुटी हुई पाई जाती है तो उसे तत्काल चिन्हितकर अद्यतन करें। इससे नगरीय निकायों की आय में आशातीत वृध्दि होगी तथा नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा सकेगा।
Created On :   17 July 2026 2:20 AM IST












