भोपाल: वरिष्ठ साहित्यकार एवं संस्कृतिकर्मी संतोष चौबे को यूएस की संस्था प्रदान करेगी पं. तिलक राज शर्मा स्मृति शिखर सम्मान 2023

वरिष्ठ साहित्यकार एवं संस्कृतिकर्मी संतोष चौबे को यूएस की संस्था प्रदान करेगी पं. तिलक राज शर्मा स्मृति शिखर सम्मान 2023
पं. तिलक राज शर्मा स्मृति न्यास के अध्यक्ष इंद्रजीत शर्मा 21 दिसंबर को विश्वरंग 2023 में प्रदान करेंगे सम्मान

डिजिटल डेस्क, भोपाल। साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पाँच दशकों से सक्रिय संतोष चौबे को अमेरिका के पं. तिलक राज शर्मा स्मृति न्यास द्वारा पं. तिलक राज शर्मा स्मृति शिखर सम्मान 2023 प्रदान किया जा रहा है। यह पुरस्कार उन्हें संस्था के अध्यक्ष इंद्रजीत शर्मा द्वारा 21 दिसंबर को विश्वरंग 2023 समारोह में प्रदान किया जाएगा। संतोष चौबे को यह सम्मान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व के जरिए स्वस्थ समाज की दिशा में सार्थक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रदान किया जा रहा है। इस सम्मान के तहत उन्हें एक लाख एक हजार रुपए, गोल्ड मैडल, अंगवस्त्र और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

भारतीय इंजीनियरिंग सेवा तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए चयनित संतोष चौबे, वर्तमान में डॉ. सी.वी. रामन् विश्वविद्यालय तथा रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के चांसलर हैं तथा आईसेक्ट नेटवर्क, राज्य संसाधन केन्द्र, वनमाली सृजन पीठ, टैगोर अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला केन्द्र के अध्यक्ष एवं विश्वरंग के निदेशक हैं।

गौरतलब है कि अमेरिका के पं. तिलक राज शर्मा स्मृति न्यास द्वारा विगत 12 वर्षों से साहित्य, कला, संस्कृति एवं समाज के विभिन्न आयामों में अद्वितीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों के अभिनंदन हेतु पं तिलक राज शर्मा स्मृति शिखर सम्मान प्रदान करती है। संस्था द्वारा पूर्व में अनेक व्यक्तित्वों का अभिनंदन किया गया है जिनमें पद्म भूषण राम वी. सुतार, पद्मश्री सुरेन्द्र दुबे, पद्मश्री भारतीय बंधु, पद्म विभूषण लक्ष्मी प्रसाद यालगड़ा, दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. हरीश नवल, संदीप मारवा (मारवा स्टूडियो नोएडा), जैन मुनि लोकेश महाराज, वरिष्ठ साहित्यकार बाल स्वरूप राही जी, पद्मश्री सुनील जोगी इत्यादि विभूतियां शामिल हैं।

Created On :   20 Dec 2023 6:08 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story