Vishwarang Sri Lanka 2025: विश्वरंग श्रीलंका 2025 में भारतीयता और वैश्विक संस्कृति का होगा संगम

विश्वरंग श्रीलंका 2025 में भारतीयता और वैश्विक संस्कृति का होगा संगम
दो दिवसीय महोत्सव का 29 सितंबर से होगा आगाज

कोलंबो/भोपाल। भारतीय साहित्य, कला और संस्कृति को वैश्विक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करने वाले विश्व प्रसिद्ध महोत्सव “विश्वरंग” का आयोजन इस वर्ष 29 और 30 सितंबर 2025 को श्रीलंका में होगा। यह आयोजन रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल, विश्वरंग फाउंडेशन और स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र, भारतीय उच्चायोग कोलंबो के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का उद्घाटन श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में होगा। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि होंगे संतोष झा, भारतीय उच्चायुक्त, श्रीलंका, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में हिनिदमु सुनिल सेनेवि, मंत्री, बुद्ध शासन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री, श्रीलंका तथा पवन वर्मा, पूर्व महानिदेशक, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वरंग के निदेशक संतोष चौबे करेंगे।

कार्यक्रम में दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों से प्रख्यात विद्वान, साहित्यकार और कलाकार भाग लेंगे। विभिन्न सत्रों में भारतीय भाषाओं और साहित्य का परिदृश्य, सांस्कृतिक समन्वय, लोक साहित्य की तुलनात्मक विवेचना, ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म्स के माध्यम से हिंदी शिक्षण की संभावनाएँ तथा हिंदी में रोजगार के अवसर जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही, दक्षिण एशियाई देशों का कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और छात्र संगम भी आयोजित होंगे।

इस अवसर पर भारत, श्रीलंका, नेपाल, म्यांमार, थाईलैंड सहित 10 देशों के विद्वानों एवं रचनाकारों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। समापन सत्र में वरिष्ठ साहित्यकारों का अंतरराष्ट्रीय कविता पाठ विशेष आकर्षण होगा। इस दौरान हिंदी को आगे बढ़ाने के लिए कोलंबो यूनिवर्सिटी और हिंदी पर कार्य कर रही संस्थाओं के साथ रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा एमओयू हस्ताक्षर किए जाएंगे।

हिंदी भाषा के वैश्विक प्रचार–प्रसार और नई पीढ़ी को हिंदी से जोड़ने के उद्देश्य से विश्व रंग फाउंडेशन (भारत), रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल एवं वनमाली सृजन पीठ द्वारा संयुक्त रूप से विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 14 सितम्बर (हिंदी दिवस) से 30 सितम्बर (अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस) तक भारत सहित विश्व के 65 देशों में संपन्न हो रहा है जिसका समापन विश्वरंग श्रीलंका में होगा।

विश्वरंग की परिकल्पना इसके संस्थापक संतोष चौबे द्वारा की गई है। वे कहते हैं कि विश्वरंग का उद्देश्य भारतीय साहित्य, कला और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर स्थापित करना और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय संवाद की धारा से जोड़ना है। श्रीलंका में होने वाला यह आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Created On :   1 Oct 2025 4:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story