- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छतरपुर
- /
- महाराजा कॉलेज के अस्तित्व को बचाने...
बड़ामलहरा न्यूज: महाराजा कॉलेज के अस्तित्व को बचाने जिले के वरिष्ठ पत्रकारों ने संभाला मोर्चा,

डिजिटल डेस्क बड़ामलहरा/जिला मुख्यालय छतरपुर में महाराजा महाविद्यालय की ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्वतंत्र पहचान बहाल करने की मांग को लेकर दीप्ति पांडेय की पहल पर चलाए जा रहे “महाराजा महाविद्यालय बचाओ संघर्ष अभियान” को अब व्यापक जनसमर्थन मिलने लगा है। अभियान के समर्थन में वरिष्ठ पत्रकारों, छतरपुर विकास मंच, छात्र एकता परिषद एवं युवा कांग्रेस सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और छात्र-छात्राओं ने आगे आकर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अभियान के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों ने भी मोर्चा संभालते हुए महाराजा महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को मजबूती से उठाने का आश्वासन दिया। उपस्थित लोगों ने दीप्ति पांडेय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि छतरपुर की शैक्षणिक विरासत और विद्यार्थियों के भविष्य का विषय है।
इस अवसर पर हरि अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल, दिनेश रिछारिया, अरविंद गोस्वामी, दिलीप क्षत्रिय, मानवेंद्र सिंह, मोनू, सत्यम, शशांक, आदर्श रावत, कल्लू मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वहीं मातृशक्ति की ओर से वंदना दुबे, स्मिता जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने अभियान को अपना समर्थन दिया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही और सभी ने महाराजा महाविद्यालय की ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्वतंत्र पहचान बहाल करने की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई।
दीप्ति पांडेय ने कहा कि महाराजा महाविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्था नहीं, बल्कि छतरपुर की पहचान, गौरव और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहर है। इसे उसका पूर्व गौरव और स्वतंत्र स्वरूप वापस दिलाने के लिए यह संघर्ष शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से निरंतर जारी रहेगा।
अभियान से जुड़े लोगों ने जिले के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और मातृशक्ति से अपील की कि वे दलगत विचारधारा से ऊपर उठकर महाराजा महाविद्यालय के भविष्य की इस लड़ाई में एकजुट होकर साथ आएं।
Created On :   28 Sept 2026 8:49 PM IST












