Chhatarpur Road Accident: अंतिम संस्कार में जा रहा था परिवार, रास्ते में मौत ने घेरा, MP में 5 सदस्यों की दर्दनाक मौत, बच्चे हुए अनाथ

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के चौका गांव के पास शाम के समय बोलेरो और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई है। इनमें 3 महिलाएं बताई जा रही हैं। हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। प्रशासन को जानकारी मिलते ही तत्काल मौके के लिए रवाना हो गया।
इन पांच लोगों की हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में ड्राइवर समेत 6 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक छोटू रैकवार की जान बच गई है, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। वहीं, मातगुवां पुलिस ने बताया कि हादसे में बिजावर के रहने वाले दौलत रैकवार, बीना रैकवार, श्याम बाई रैकवार, संजय रैकवार और कौशल्या रैकवार की जान चली गई है, जबकि घायल ड्राइवर छोटू रैकवार बताया गया है।
यह भी पढ़े -धनबाद का भयावह गजलीटांड़ हादसा 31 साल बाद भी 26 सितंबर की तारीख मांगती है 64 श्रमिकों की जलसमाधि का हिसाब
परिवार अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था...
बताया जा रहा है कि मृतक दौलत रैकवार की बेटी अलका की शादी पिछले साल छतरपुर के बगौता गांव में की गई थी। लेकिन हाल ही में अलका के ससुर की मौत हो गई थी और पूरा परिवार उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंच रहा था। इसी दौरान चौका गांव के नजदीक बोलेरो की ट्रक से अचानक टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भयंकर हुई कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने वाहन के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम किया। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर मातगुवां पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। इसके बाद तुरंत ही रेस्क्यू शुरू कर दिया गया। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों के परिजन ने क्या कहा?
मृतकों के परिजन राजू रैकवार ने कहा कि दुर्घटना में उनकी मां श्यामबाई, भाई दौलत, भाभी बीना रैकवार, बहू कौशल्या और भतीजे संजय रैकवार की जान चली गई। राजू ने आगे यह भी बताया कि भाई और भाभी के बच्चे अनाथ हो गए हैं। इतना कहते ही वह फूट-फूटकर रो पड़ा।
Created On :   26 Sept 2026 11:19 PM IST













