- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- चौरापठार पहुंचा एसटी आयोग, जमीन...
छिंदवाड़ा न्यूज: चौरापठार पहुंचा एसटी आयोग, जमीन फर्जीवाड़े के पीडि़तों से मिले, जिला प्रशासन दिल्ली तलब

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। तामिया के चौरापठार जमीन फर्जीवाड़े में शनिवार को केंद्रीय एसटी आयोग के वरिष्ठ सलाहकार सह एपीएस प्रकाश उईके ने यहां के पीडि़तों से मुलाकात की। इस दौरान मौके पर पहुंचे अधिकारियों के पास जमीन से संबंधित किसी भी प्रकार के दस्तावेज मौजूद नहीं थे। प्रशासन को सूचना के बावजूद तहसीलदार की बजाय नायब तहसीलदार को मौके पर पहुंचा दिया गया था। दस्तावेज मांगने पर जब अधिकारी यहां-वहां देखने लगे तो आयोग ने मौके पर ही फटकार लगाते हुए अब दिल्ली तलब किया है। प्रशासनिक अधिकारियों को अब दिल्ली में उपस्थित होकर पूरी जानकारी से आयोग को अवगत कराना होगा।
चौरापठार में भारिया परिवार के साथ हुए फर्जीवाड़े की शिकायत केंद्रीय एसटी आयोग के सदस्यों से भी की गई थी। इस मामले में आयोग ने छिंदवाड़ा जिला प्रशासन सहित चीफ सेक्रेटरी को नोटिस जारी करते हुए दस्तावेजों के साथ जवाब देने के लिए आदेशित किया था, लेकिन प्रकरण में प्रशासन का पक्ष पेश नहीं होने पर शनिवार को आयोग के वरिष्ठ सलाहकार सह एपीएस श्री उईके ने पीडि़त परिवारों से चौरापठार मेें जाकर मुलाकात की। इस मामले में पीडि़तों ने खुलकर अपनी शिकायत अधिकारियों के समक्ष रखी, लेकिन मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार प्रकरण से संबंधित दस्तावेज आयेाग को नहीं दिखा पाए। जिसके बाद आयोग के वरिष्ठ सलाहकार श्री उईके ने प्रशासन को फिर से नोटिस जारी करते हुए दिल्ली तलब किए जाने के आदेश दिए हैं।
इनका कहना है...
- राजस्व अधिकारी पूरे दस्तावेजों के साथ मौके पर उपस्थित नहीं थे। पीडि़तों से मुलाकात करते हुए उनका पक्ष जाना गया है। इस मामले में अब हम प्रशासनिक अधिकारियों को दिल्ली बुलाएंगे।
- प्रकाश उईके वरिष्ठ सलाहकार सह एपीएस, केंद्रीय एसटी आयोग
Created On :   20 Sept 2026 2:14 PM IST












