- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- तड़पती गर्भवती को २० किमी दूर जिला...
पिंडरईकला स्वास्थ्य केंद्र में पानी भरा: तड़पती गर्भवती को २० किमी दूर जिला अस्पताल भेजा, टूटी पुलिया के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भरा पानी, नई बिल्डिंग भी तैयार नहीं हो सकी

Chhindwara News: 4 इंच तक पानी में डूबे पिंडरईकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार सुबह स्वास्थ्य सेवाएं भी पानी में डूबी नजर आई। जहां प्रसव पीड़ा से तड़पती गर्भवती को उपचार नहीं मिल सका। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं नहीं होने से गंभीर महिला को 20 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल भेज दिया गया। बारिश पूर्व तैयारी नहीं करने की वजह से यहां ऐसे हालात निर्मित हुए हैं।
गौरतलब है कि शहर से 20 किलोमीटर दूर पिंडरईकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 20 हजार से ज्यादा परिवारों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा देने की जिम्मेदारी है। पुरानी बिल्डिंग में संचालित स्वास्थ्य केंद्र में बिजली, पानी की सुविधाएं पहले से ही पर्याप्त नहीं थीं। नई बिल्डिंग का निर्माण अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य के चलते टूटी पुलिया से पानी रिवर्स होकर स्वास्थ्य केंद्र में भर जाता है। रविवार को ज्यादा बारिश के कारण करीब 4 इंच तक पानी स्वास्थ्य केंद्र में भर गया था। इस बीच पिंडरई निवासी गर्भवती महिला दीपिका को गंभीर हालत में एम्बुलेंस से यहां लाया गया था। स्वास्थ्य अमले ने एम्बुलेंस में ही महिला की जांच कर 20 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल भेज दिया।
यह भी पढ़े -कर्जदार खाताधारक को १ साल की सजा, ब्याज समेत जुर्माना भरने का आदेश, ग्रामीण बैंक चंदनगांव शाखा से ७ लाख ५० हजार के लोन का मामला
पुलिया दुरुस्त होती तो नहीं बिगड़ते हालात
पिंडरई कला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढलान पर स्थित है। इसी के पास नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान पुलिया टूट गई थी। जिससे पानी की निकासी ठहर गई है, ज्यादा बारिश से पुलिया का पानी स्वास्थ्य केंद्र में भर गया। पुलिया पहले दुरुस्त करा दी जाती तो ऐसे हालात न बनते।
नई बिल्डिंग अधूरी, पानी की व्यवस्था नहीं
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की नई बिल्डिंग बनकर तैयार है, लेकिन यहां पानी की कोई सुविधा नहीं है। दो बोर कराए गए थे, वे भी सूखे निकले। अब कुएं के निर्माण के लिए प्रयास किया जा रहा है।
^नई बिल्डिंग हैंडओवर नहीं हो पाई है। पुलिया टूटी होने के कारण जल भराव के हालात बने थे। गर्भवती महिला हाई रिस्क में थी, इसीलिए जांच के बाद तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
-पुष्पा रानी सिंह, बीएमओ ग्रामीण छिंदवाड़ा
यह भी पढ़े -टार्च की रोशनी में लग रहे थे दांव, पुलिस ने घेराबंदी कर 18 जुआरियों को दबोचा, 33 हजार नकद समेत 62 लाख का मशरुका जब्त
Created On :   6 July 2026 3:29 PM IST












