Gondia News: बोदलकसा जलाशय के टूटे हिस्से की तत्काल मरम्मत के निर्देश

Gondia News जिले में सूखे की स्थिति के बीच पालकमंत्री इंद्रनील नाईक ने बुधवार को अपने जिला दौरे के दौरान बोदलकसा जलाशय का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। जलाशय की बाईं नहर पर विमोचक के पास बांध का हिस्सा टूटने की घटना की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मरम्मत कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बांध के टूटे हिस्से और सांडवे के पुनर्निर्माण का काम प्राथमिकता से लेकर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। बता दें कि बोदलकसा जलाशय गोंदिया सिंचाई विभाग के अंतर्गत आता है।
ब्रिटिशकालीन इस बांध का निर्माण वर्ष 1917 में पूरा हुआ था और इसे 109 वर्ष हो चुके हैं। बांध की बाईं नहर पर विमोचक के पास पाल टूटने की घटना सामने आने के बाद विधायक विजय रहांगडाले, जिलाधिकारी मंदार पत्की, जलसंपदा विभाग नागपुर की मुख्य अभियंता सोनाली चोपडे तथा भंडारा सिंचाई मंडल के अधीक्षक अभियंता राजेश पाटील ने घटना स्थल का निरीक्षण किया था। अधिकारियों ने टूटे हिस्से की तत्काल मरम्मत कर पानी का बहाव रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बाद गोंदिया सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता राजीव कुरेकर, उपकार्यकारी अभियंता संजीव सहारे, उपविभागीय अभियंता चंद्रकांत डोंगरे, कनिष्ठ अभियंता अभिषेक यादव सहित जलसंपदा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। विभाग के अनुसार टूटे हिस्से से हो रहे पानी के बहाव को नियंत्रित कर पूरी तरह बंद करने में सफलता मिली है।
सिंचाई विभाग ने स्पष्ट किया कि पानी का बहाव नियंत्रित होने से बांध के निचले हिस्से में स्थित गांवों को कोई खतरा नहीं है। साथ ही वहां की कृषि भूमि और फसलों को भी नुकसान नहीं पहुंचा है। निरीक्षण के दौरान पालकमंत्री इंद्रनील नाईक ने बांध की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय तत्काल पूरे करने पर जोर दिया। उन्होंने टूटे हुए हिस्से और सांडवे के पुनर्निर्माण का काम प्राथमिकता से शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
Created On :  



