- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- हिंगोली
- /
- अवैध रेत परिवहन कर रहे वाहन जब्त,...
Hingoli News: अवैध रेत परिवहन कर रहे वाहन जब्त, 35 लाख 30 हजार का माल जब्त

Hingoli News. पुलिस अधीक्षक डॉ. नीलाभ रोहन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध धंधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे दो हाइवा/टिपर वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 35 लाख 30 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
तवा गांव के पास पकड़ा वाहन, 20.20 लाख का माल जब्त
जानकारी के अनुसार 28 जनवरी की देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मीणा अपनी टीम के साथ जिले की सीमा पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि नांदेड़ जिले से एक हाइवा टिपर अवैध रूप से रेत लेकर हिंगोली जिले की ओर आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना अखाड़ा बालापुर क्षेत्र अंतर्गत तवा गांव के पास वाहन को रोका और चालक से रसीद मांगी। चालक ने जो रसीद प्रस्तुत की, उसमें गंतव्य अमरावती जिला दर्शाया गया था। हालांकि, बताए गए रूट और समय पर संदेह होने के कारण पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिस पर चालक ने स्वीकार किया कि वह रेत को ऊंची दर पर बेचने के उद्देश्य से निर्धारित रूट छोड़कर जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी परमेश्वर केन्द्रे, निवासी उमरगांव, तालुका कंधार, जिला नांदेड़ के खिलाफ पुलिस स्टेशन अखाड़ा बालापुर में मामला दर्ज कर वाहन सहित रेत जब्त कर ली। इस कार्रवाई में हाइवा टिपर व रेत समेत कुल 20,20,000 रुपये का माल जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र राजस्व अधिनियम सहित अन्य लागू धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
औंधा नागनाथ में भी टिपर पकड़ा, 15.10 लाख का माल जब्त
इसी तरह पुलिस थाना औंधा नागनाथ क्षेत्र में भी अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक टिपर को पकड़ा गया। इस मामले में गोलेगांव निवासी आरोपी नशाद पटेल तथा टिपर मालिक विला त्रिकराम राठौड़ के खिलाफ औंधा पुलिस थाने में अपराध दर्ज कर 15,10,000 रुपये कीमत का टिपर व रेत जब्त की गई।
इनकी रही प्रमुख भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. नीलाभ रोहन तथा अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश मीणा के निर्देशन में पुनि गणेश राहीर, हवलदार विलास राठौड़, संदीप पवार, सतीश नरवाड़े, सुमित टाले, विनोद कुटे की टीम द्वारा की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध रेत खनन व परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Created On :   29 Jan 2026 7:20 PM IST













