Hingoli News: हिंगोली नपा पर शिवसेना की रिकॉर्डतोड़ जीत, रेखा श्रीराम बांगर बनीं नगराध्यक्ष

हिंगोली नपा पर शिवसेना की रिकॉर्डतोड़ जीत, रेखा श्रीराम बांगर बनीं नगराध्यक्ष
  • 10,436 मतों से विजय मिली
  • तीन प्रत्याशियों की जमानत जब्त

Hingoli News. शहर नगर पालिका के लिए 2 दिसंबर को हुए मतदान की मतगणना रविवार, 21 दिसंबर को संपन्न हुई। मतगणना में शिवसेना (शिंदे गुट) की उम्मीदवार रेखा श्रीराम बांगर ने इतिहास रचते हुए रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज की और नगराध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

नगर पालिका में कुल 71,880 मतदाता हैं, जिनमें 36,696 पुरुष और 35,184 महिला मतदाता शामिल हैं। इनमें से कुल 47,700 मत डाले गए, जो 66.90 प्रतिशत मतदान को दर्शाता है। नगराध्यक्ष पद ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित था।

नगराध्यक्ष पद के लिए कुल 5 प्रत्याशी मैदान में थे, जबकि ईवीएम पर छठा विकल्प नोटा का था। मतगणना रविवार सुबह 10 बजे से 15 टेबलों पर 6 राउंड में संपन्न हुई। प्रत्येक टेबल पर चार कर्मचारी नियुक्त किए गए थे।

मतगणना पूरी होने के बाद घोषित परिणामों में शिवसेना (शिंदे गुट) की रेखा श्रीराम बांगर को 23,089 मत प्राप्त हुए और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 10,436 मतों के अंतर से पराजित किया।

अन्य प्रत्याशियों को प्राप्त मत इस प्रकार रहे—

  • निता बाबाराव बांगर (भाजपा) : 12,653
  • सारिका अवघड (वंचित बहुजन आघाड़ी) : 1,306
  • अमीनाबी अजीज प्यारेवाले (राकांपा – अजित पवार गुट) : 7,022
  • अर्चना भिसे (शिवसेना – उबाठा) : 3,384
  • नोटा : 246

विजयी प्रत्याशी के मुकाबले आवश्यक मतों का 1/6 प्रतिशत भी प्राप्त न कर पाने के कारण अंतिम तीन प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। विजय के पश्चात चुनाव निर्णय अधिकारी समाधान घुटकुले ने रेखा बांगर को प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस अवसर पर सहायक चुनाव निर्णय अधिकारी अरविंद मुंढे, विधायक संतोष बांगर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Created On :   21 Dec 2025 8:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story