Shahnagar News: शाहनगर के संदीपनी स्कूल में अतिथि शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी

शाहनगर के संदीपनी स्कूल में अतिथि शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी
पन्ना कलेक्टर से शिकायत, प्रभारी प्राचार्य ने मेरिट दरकिनार कर चहेते को कराई भर्ती

डिजिटल डेस्क,शाहनगर। शाहनगर मुख्यालय के संदीपनी मॉडल स्कूल (डाइस कोड- 23100500117) में संस्कृत अतिथि शिक्षक भर्ती में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। बिसानी निवासी आवेदिका दीपिका शर्मा ने प्राचार्य पर अपने पारिवारिक भाई को लाभ पहुंचाने के लिए फर्जी भर्ती करने का आरोप लगाते हुए पन्ना कलेक्टर श्रीमती उषा परमार से शिकायत की।

शिकायत पर कलेक्टर श्रीमती परमार ने तत्काल मौके पर शाहनगर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. रागिनी तिवारी एवं बीआरसी अमित श्रीवास्तव को बुलाकर मामले की जांच के सख्त निर्देश दिए। साथ ही आवेदिका दीपिका शर्मा को आश्वासन दिया कि हर हाल में नियमानुसार आपकी ही नियुक्ति कराई जाएगी।

क्या है मामला

आवेदिका दीपिका शर्मा का आरोप है कि मैनुअल अतिथि शिक्षक भर्ती में ब्लॉक पैनल में संस्कृत विषय में उनका स्कोर कार्ड 189 है, जबकि प्रभारी प्राचार्य भरत लाल पांडेय ने कम स्कोर 183.95 वाले राम विश्वास पांडे की भर्ती कर दी। आवेदिका का कहना है कि चयनित व्यक्ति प्राचार्य के निज निवास पटपरी का रहने वाला है और उनका पारिवारिक भाई है।

आवेदिका के अनुसार वह स्कूल अपने कागजात लेकर गई तो प्रभारी प्राचार्य ने कागज लेने से मना करते हुए कहा - मैं यहाँ का प्रिंसिपल हूँ, यहाँ मेरी बात मानी जाएगी, मैं अपने भाई का करूंगा तुम्हारा नहीं।

प्रभारी प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी, शाहनगर ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाहनगर के प्रभारी प्राचार्य भरत लाल पाण्डेय को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

Created On :   8 Sept 2026 9:44 PM IST

Next Story