Jabalpur News: सिर पर है बड़ा त्योहार..बीच सड़क पर खुले पड़े मौत के तार, आखिर क्यों नहीं चेत रहे जिम्मेदार

सिर पर है बड़ा त्योहार..बीच सड़क पर खुले पड़े मौत के तार, आखिर क्यों नहीं चेत रहे जिम्मेदार
भास्कर अलर्ट } बेहद खतरनाक स्थिति में हैं शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर स्ट्रीट लाइट, सेंट्रल लाइटिंग, लैंप पोस्ट और हाईमास्ट के कनेक्शन, बाहर तक झूल रहे तार, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गणेशोत्सव पर लापरवाही के करंट ने एक घर का चिराग बुझा दिया। पिछले वर्षों में भी अनेक दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। दुर्गोत्सव के रूप में एक बड़ा त्योहार सिर पर है, लेकिन जिम्मेदार अफसर हादसों से सबक लेते नहीं नजर आ रहे। भास्कर ने गुरुवार को शहर की सड़कों पर पड़ताल की तो खतरनाक दृश्य सामने आए।

शहर में कई जगह सड़कों के डिवाइडरों, फुटपाथों और चौराहों के आसपास लगाए गए स्ट्रीट लाइट, सेंट्रल लाइटिंग और हाईमास्ट लाइट के खम्भों में बिजली के तार झूलते हुए नजर आए। इन्हीं मार्गों पर दुर्गोत्सव में लोग परिवारों के साथ पैदल निकलेंगे, जगह-जगह पर खुले पड़े बिजली के ये तार उनके लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। हालांकि जिम्मेदार विभागों के अफसर इस दिशा में बेफिक्र नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते इन तारों को व्यवस्थित किया जाना चाहिए।

शिकायतों के बावजूद भी नहीं किया जा रहा मेंटेनेंस

पड़ताल में दमोहनाका, आईटीआई, सिविल लाइन्स, मेडिकल रोड, सगड़ा सहित कुछ मुख्य मार्गों के डिवाइडरों पर लगे स्ट्रीट लाइट के पोलों के नीचे बिजली के तार खुले और सड़क पर फैले हुए मिले। कुछ जगहों पर तो तार सड़कों पर झूल रहे हैं, तो कुछ जगह तारों पर टेप से चिपकाकर काम चलाया जा रहा है।

लोगों का कहना है कि पैदल चलने वाले राहगीर, डिवाइडर पार करने वाले लोग और आवारा पशु कभी भी इनकी चपेट में आ सकते हैं। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। स्ट्रीट लाइटों के मेंटेनेंस का जिम्मा तय नहीं होने से यह स्थिति बनी हुई है। कई पोलों में तो अर्थिंग तक नहीं है।

नियमों और मानकों का हो रहा खुला उल्लंघन

जानकारों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट में 230 से 440 वोल्ट तक करंट रहता है, जो जानलेवा हो सकता है। नियमानुसार हर पोल का जंक्शन बॉक्स वाॅटरप्रूफ और लॉक होना चाहिए, तारों में प्रॉपर इंसुलेशन और अर्थिंग होना अनिवार्य है। लेकिन शहर में इन मानकों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है।

डिवाइडरों और सड़कों पर लगे लैंप पोस्ट, हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों का सर्वे कराया गया है। खंभों पर लगे जंक्शन बाॅक्स और खुले तारों को व्यवस्थित करने का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही खुले तारों को कवर्ड और व्यवस्थित कर लिया जाएगा।

नवीन लोनारे, प्रकाश विभाग प्रभारी नगर निगम जबलपुर

Created On :   2 Oct 2026 6:42 PM IST

Tags

Next Story